Page Loader
KKR बनाम RCB: विल जैक्स ने जड़ा अपना पहला IPL अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
विल जैक्स ने खेली अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

KKR बनाम RCB: विल जैक्स ने जड़ा अपना पहला IPL अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Apr 21, 2024
07:07 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 36वें मुकाबले में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के ऑलराउंडर विल जैक्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (55) जड़ा। यह उनके IPL करियर का पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 29 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी के कारण ही RCB की टीम शुरुआती झटकों से उबरकर आखिर तक मैच में बनी रही। आइए जैक्स की पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही जैक्स की पारी और साझेदारी?

RCB को 27 रन के कुल स्कोर पर विराट कोहली (18) के रूप में पहला झटका लग गया था। उसके बाद जैक्स बल्लेबाजी के लिए उतरे थे। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी कर रन रेट को बनाए रखने का प्रयास किया। उन्होंने 29 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और रजत पाटीदार (52) के साथ 102 रन की शतकीय साझेदारी निभाई। वह 32 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए।

करियर

कैसा रहा है जैक्स का IPL और टी-20 करियर?

जैक्स ने 11 अप्रैल को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह 3 मैचों में 23.33 की औसत और 166.67 की स्ट्राइक रेट से 70 रन बना चुके हैं। यह उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इसी तरह वह 2 पारियों में 1 विकेट भी ले चुके हैं। वह 159 टी-20 मैचों में 29.39 की औसत और 158.62 की स्ट्राइक रेट से 4,200 रन बना चुके हैं। इसमें 3 शतक और 31 अर्धशतक शामिल है।