IPL 2024: KKR ने MI को हराकर कटाया प्लेऑफ का टिकट, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 60वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस (MI) को 18 रन से हरा दिया। इसी के उसने प्लेऑफ का टिकट भी कटा लिया है।
बारिश के कारण यह मुकाबला सिर्फ 16 ओवर का हुआ, जिसमें KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 157/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में MI की टीम सिर्फ 139/8 का स्कोर ही बना पाई।
मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
MI ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ और टीम के दोनों सलामी बल्लेबाज 10 रन पर पवेलियन लौट गए।
वेंकटेश अय्यर ने KKR के लिए सबसे बड़ी पारी (42) खेली। MI के लिए जसप्रीत बुमराह और पीयूष चावला ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में MI के लिए ईशान किशन (40) और तिलक वर्मा (00*) को छोड़कर और कोई भी बल्लेबाज अच्छा नहीं कर पाया। यह MI की 9वीं हार है।
रन
नितीश राणा ने पूरे किए 4,500 रन
नितीश राणा ने मैच में 23 गेंद का सामना किया और 33 रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 143.48 की रही।
अपनी इस पारी के दौरान इस खिलाड़ी ने टी-20 क्रिकेट में 4,500 रन पूरे कर लिए। उन्होंने पारी का 13वां रन बनाते ही यह उपलब्धि हासिल की।
उन्होंने टी-20 क्रिकेट में 29.16 की औसत और 135.49 की स्ट्राइक रेट से 4,520 रन बनाए हैं।
उपलब्धि
रोहित शर्मा ने हासिल की ये उपलब्धि
MI के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रहा।
इस खिलाड़ी ने 24 गेंद का सामना किया और सिर्फ 19 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी स्ट्राइक रेट 79.17 की रही। उनके बल्ले से सिर्फ 1 चौका और 1 छक्का निकला।
हालांकि, इस पारी के दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।
रोहित टी-20 क्रिकेट में 11,500 रन पूरे करने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बने हैं। पहले स्थान पर विराट कोहली (12,628) हैं।
विकेट
सुनील नरेन ने पूरे किए 550 विकेट
KKR के स्टार स्पिन गेंदबाज नरेन ने टी-20 क्रिकेट में 550 विकेट पूरे कर लिए हैं।
उन्होंने ईशान किशन को आउट कर यह उपलब्धि हासिल की। नरेन ने 510 मुकाबलों में यह कारनामा किया है।
नरेन से आगे टी-20 क्रिकेट में सिर्फ ड्वेन ब्रावो (625) और राशिद खान हैं। 200 से ज्यादा विकेट लने वाले खिलाड़ियों में नरेन की सबसे अच्छी इकॉनमी रेट (6.12) है।
नरेन चौथे सबसे ज्यादा टी-20 मैच (510) खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं।
गेंदबाजी
छा गए KKR के गेंदबाज
KKR के गेंदबाजों ने मैच में कमाल कर दिखाया। हर्षित राणा ने 3 ओवर में 34 रन देकर 2 सफलता हासिल की।
नरेन ने 3 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 21 रन खर्च करते हुए एक बल्लेबाज को पवेलियन की राह दिखाई।
उनकी इकॉनमी रेट 7 की रही। वरुण चक्रवर्ती ने तो 4 ओवर में केवल 17 रन देते हुए 2 बल्लेबाजों को आउट किया। उनकी इकॉनमी 4.20 की रही।
आंद्रे रसेल के खाते में भी 2 विकेट आए।
अनोखा
नरेन के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
नरेन को पहली ही गेंद पर बुमराह ने शून्य पर आउट कर दिया। वह टी-20 क्रिकेट में 44 बार शून्य पर आउट हुए।
इस मामले में उन्होंने एलेक्स हेल्स का रिकॉर्ड तोड़ा, जो 43 बार शून्य के स्कोर पर पवेलियन लौटे हैं।
राशिद खान (42) बार टी-20 क्रिकेट में खाता खोले बिना आउट हो चुके हैं। 40 से ज्यादा बार शून्य पर आउट होने वाले वह तीसरे खिलाड़ी हैं।
नरेन IPL में 16 बार शून्य पर आउट हुए हैं।
अंक तालिका
अंक-तालिका पर एक नजर
KKR ने 12 मैच खेलने के बाद 9वीं जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ KKR की टीम फिलहाल 18 अंको के साथ (+1.428) पहले पायदान पर है।
वह IPL 2024 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।
दूसरी तरफ अपनी 13 मैचों में 9वीं शिकस्त झेलने वाली MI 8 अंक के साथ (-0.271) 9वें स्थान पर है।
इसी तरह राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम 8 जीत और 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।