Page Loader
जोफ्रा आर्चर बने IPL इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज, मोहित शर्मा को पीछे छोड़ा
जोफ्रा आर्चर बने IPL इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज

जोफ्रा आर्चर बने IPL इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज, मोहित शर्मा को पीछे छोड़ा

Mar 23, 2025
05:50 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 286/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस दौरान RR के गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपने 4 ओवर में 76 रन खर्च किए। इसके साथ ही वह IPL इतिहास की एक पारी में सबसे ज्यादा रन खर्च करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में मोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।

गेंदबाजी

कैसी रही आर्चर की गेंदबाजी?

आर्चर ने अपने कोटे के 4 ओवर में 19 की इकॉनमी से 76 रन लुटाए और कोई विकेट नहीं चटका पाए। SRH के बल्लेबाजों ने उनकी जमकर धुनाई की। इससे पहले मोहित IPL इतिहास के सबसे महंगे गेंदबाज थे, जिन्होंने IPL 2024 में गुजरात टाइटंस (GT) की ओर से दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 4 ओवर में 73 रन लुटाए थे। इस सूची में बासिल थंपी तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 2018 में RCB के खिलाफ 70 रन लुटाए थे।

करियर

कैसा रहा है आर्चर का IPL करियर?

आर्चर ने साल 2018 में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 41 मैचों में 8 से अधिक की इकॉनमी और 20 से अधिक की औसत से 48 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देकर 3 विकेट लेना रहा है। वह इस लीग में अभी तक एक बार भी 4 या 5 विकेट हॉल नहीं ले पाए हैं। वह MI का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।