LOADING...
आयरलैंड बनाम भारत: पहले टी-20 मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
26 जून को होगा पहला टी-20 (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

आयरलैंड बनाम भारत: पहले टी-20 मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी

Jun 25, 2026
12:33 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम 26 जून को आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज का पहला टी-20 मैच खेलेगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहली बार भारतीय टीम खेलती हुई नजर आएगी। अय्यर बेलफास्ट में होने वाले सीरीज के पहले मैच को जीतकर बढ़त दिलाने का प्रयास करेंगे। दूसरी तरफ आयरिश टीम लॉर्कन टकर के नेतृत्व में अपनी चुनौती पेश करेगी। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड 

भारत के खिलाफ एक भी मैच नहीं जीत पाई है आयरलैंड

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान सभी मुकाबलों में भारतीय टीम को जीत मिली है। आयरलैंड अब तक एक भी मैच भारतीय टीम के खिलाफ जीत नहीं पाई है। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला जून 2024 में हुआ था। उस मैच को भारतीय टीम ने 8 विकेट से अपने नाम किया था। आयरलैंड 96 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारतीय टीम ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया था।

भारत 

ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन 

भारतीय टीम अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी के साथ नजर आ सकती है। अगर ऐसा होता है तो युवा वैभव सूर्यवंशी बेंच पर नजर आएंगे। चोट के बाद वापसी करने वाले हर्षित राणा भी प्लेइंग इलेवन में मौका मिल सकता है। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और रवि बिश्नोई।

Advertisement

आयरलैंड 

इस संयोजन के साथ उतर सकती है मेजबान टीम 

आयरलैंड की टीम अपने प्रमुख बल्लेबाज हैरी टेक्टर और लॉर्कन टकर से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। ये दोनों खिलाड़ी भारत की चुनौतीपूर्ण गेंदबाजी के सामने रन बनाना चाहेंगे। गेंदबाजी में जॉर्ज डॉकरेल, रूबेन विल्सन और लियाम मैकार्थी के ऊपर जिम्मेदारी होगी। संभावित एकादश: स्टिफन डोहेनी, रॉस अडेयर, टिम टेक्टर, हैरी टेक्टर, लॉर्कन टकर (कप्तान एवं विकेटकीपर), गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज, गैविन होई, लियाम मैकार्थी, और रूबेन विल्सन।

Advertisement

पिच 

कैसा है बेलफास्ट की पिच का मिजाज?

बेलफास्ट की पिच से आमतौर पर बल्लेबाजों को अच्छी उछाल और गति मिलती है। ऐसे में शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाज इसका फायदा उठाना चाहेंगे। हालांकि, मैच जितना आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है और स्पिनर्स को मदद मिल सकती है। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 10 मैच जीते हैं और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 16 मुकाबले अपने नाम किए हैं।

जानकारी

क्या पड़ेगा बारिश का खलल?

एक्यूवेदर के अनुसार, 26 जून को बेलफास्ट का मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 16 डिग्री रहने का अनुमान है। शुक्रवार को बारिश होने की 84 प्रतिशत संभावना है। मैच में खलल पड़ सकता है।

प्रदर्शन 

इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें 

सैमसन ने आयरलैंड के खिलाफ 3 मुकाबले खेले हैं और इसकी 3 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए 118 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 171.01 की रही है। उन्होंने एक पचासा भी लगाया है। सक्रिय गेंदबाजों में रवि बिश्नोई ने आयरलैंड के खिलाफ 3 पारियों में 20.2 की औसत से 5 विकेट अपने नाम किए हैं। आयरलैंड से हैरी टेक्टर ने भारत के खिलाफ 5 पारियों में 30.75 की औसत से 123 रन बनाए।

जानकारी

कब और कहां देखें मुकाबला?

भारत और आयरलैंड के बीच ये मुकाबला 26 जून को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे से शुरू होगा। भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और सोनी लिव ऐप पर इसका सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।

Advertisement