Page Loader
IPL: सुनील जोशी पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच बने
भारत की ओर से 15 टेस्ट खेल चुके हैं सुनील जोशी

IPL: सुनील जोशी पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच बने

Jan 16, 2023
05:43 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी पंजाब किंग्स (PBKS) ने पूर्व भारतीय गेंदबाज सुनील जोशी को अपना स्पिन गेंदबाजी कोच बनाया है। PBKS ने आधिकारिक तौर पर यह ऐलान किया है। IPL 2022 में निराश करने वाली PBKS ने इस बार अपने कोचिंग दल में काफी बदलाव किए हैं। बता दें, इस बार टीम मुख्य कोच ट्रेवर बेलिस और कप्तान शिखर धवन की निगरानी में खेलेगी। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

ट्वीट

PBKS ने ट्वीट करके दी जानकारी

PBKS ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'हम यह घोषणा करने के लिए उत्साहित हैं कि पूर्व भारतीय स्पिनर सुनील जोशी को पंजाब किंग्स का स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया है।' बाएं हाथ के स्पिनर रहे जोशी ने भारत के लिए 15 टेस्ट में 35.85 की औसत से 41 विकेट लिए हैं। इसके अलावा उन्होंने 39 वनडे में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और 39 विकेट ही अपने नाम किए हैं।

ट्विटर पोस्ट

PBKS का ट्वीट

भूमिकाएं

कई भूमिकाओं में नजर आए हैं सुनील जोशी

52 वर्षीय जोशी क्रिकेट से संन्यास के बाद अब तक कई भूमिकाओं में नजर आ चुके हैं। वह बांग्लादेश क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच के रूप में काम कर चुके हैं। वह IPL 2019 में PBKS के साथ ही सहायक कोच रह चुके हैं। इसके बाद वह 2020 में भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता बने थे। वह 2022 तक इस भूमिका में थे और उनके बाद चेतन शर्मा ये जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

लेखा-जोखा

अब तक खिताब नहीं जीत सकी है PBKS

PBKS की टीम अब तक एक भी बार IPL का खिताब नहीं जीत सकी है। उनका सबसे बेहतर सीजन IPL 2014 रहा था, जब टीम उपविजेता रही थी। IPL के शुरुआती सीजन में भी PBKS सेमीफाइनल तक पहुंचने में कामयाब रही थी। इसके अलावा वह ज्यादातर सीजन में प्ले-ऑफ में भी नहीं पहुंच पाती। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या PBKS नए कोच और नए कप्तान की अगुवाई में टीम का इतिहास बदल पायेगी।

IPL 2023

IPL 2023 के लिए PBKS का पूरा दल

IPL 2023 के लिए पंजाब किंग्स ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम कर्रन को 18.50 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड धनराशि देकर खरीदा था। PBKS का पूरा दल: शिखर धवन (कप्तान), शाहरुख खान, जॉनी बेयरस्टो, प्रभसिमरन सिंह, भानुका राजपक्षे, जितेश शर्मा, राज बावा, ऋषि धवन, लियाम लिविंगस्टोन, अथर्व तायदे, अर्शदीप सिंह, बलतेज सिंह, नाथन एलिस, कगिसो रबाडा, राहुल चाहर, हरप्रीत बरार , सैम कर्रन, सिकंदर रजा, हरप्रीत भाटिया, विद्वाथ कावेरप्पा, मोहित राठी, शिवम सिंह।