IPL: महेला जयवर्धने ने मुंबई इंडियंस के प्रमुख कोच का पद छोड़ा
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस (MI) की टीम के प्रमुख कोच महेला जयवर्धने ने अपने पद से इस्तीफा दिया है। शनिवार को MI ने आधिकारिक घोषणा की है। वह 2017 में पहली बार इस टीम के कोच बने थे। उनके कार्यकाल के दौरान MI की टीम ने 3 खिताब जीते थे। MI ने अभी जयवर्धने की जगह पर किसी नए कोच की घोषणा नहीं की है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
बयान
MI के साथ काम करना मेरे लिए खास पल- जयवर्धने
महेला जयवर्धने ने कहा, "मुंबई इंडियंस एक दशक से भी ज्यादा समय से मेरे सफर का एक बहुत ही खास हिस्सा रही है। खिलाड़ियों और कोचिंग टीम के शानदार समर्थन और सबसे बढ़कर, प्रशंसकों ने मिलकर इसे एक ऐसा अनुभव बना दिया है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। हमने साथ मिलकर कुछ अविस्मरणीय पल बिताए हैं, चुनौतियों का सामना किया है और कुछ ऐसा बनाया है जिस पर हम सभी को गर्व हो सकता है।"
बयान
नीता अंबानी ने जयवर्धने का आभार व्यक्त किया
MI की मालकिन श्रीमती नीता अंबानी ने जयवर्धने का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, "महेला ने पिछले कुछ सालों में मुंबई इंडियंस के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनके नेतृत्व, ईमानदारी और खेल के प्रति उनके गहरे लगाव का हमारे लिए बहुत महत्व रहा है। पूरे MI परिवार की ओर से मैं इतने सालों तक दिए गए उनके अहम योगदान और अटूट समर्पण के लिए महेला को धन्यवाद देना चाहती हूं।"
खिताब
जयवर्धने के कार्यकाल में 3 बार चैंपियन बनी MI
MI के साथ जयवर्धने का पहला कार्यकाल 2017 से 2022 तक रहा, जो कि काफी सफल साबित हुआ था।
इस अंतराल में MI ने 2017, 2019 और 2020 में IPL के खिताब जीते थे।
इसके बाद जयवर्धने ने 2024 से 2026 तक अपने दूसरे कार्यकाल में काम किया। हालांकि, पिछले 3 संस्करणों में MI की टीम खिताब नहीं जीत सकी थी।
2024 और 2026 में तो MI प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच सकी थी।
पद
जयवर्धन MI के साथ निभा चुके हैं ये भूमिका
2022 में MI के मुख्य कोच का पद छोड़ने के बाद जयवर्धने को फ्रेंचाइजी ने हेड ऑफ क्रिकेट डेवलपमेंट के रूप में नई जिम्मेदारी भी सौंपी थी।
वह MI फ्रेंचाइजी की 3 टीमों, इंटरनेशनल लीग टी-20 में MI अमीरात और दक्षिण अफ्रीका टी-20 लीग में MI केप टाउन टीमों की कोचिंग और स्काउटिंग इंटरनेशनल लीग टी-20 की निगरानी करते थे।
जयवर्धने टीम के विकास और रणनीति पर काम करते थे। वे एक हाई परफार्मेंस इको सिस्टम तैयार कर रहे थे।