Page Loader
IPL: केएल राहुल का RR के खिलाफ लगभग 50 का रहा है औसत, जानिए आंकड़े 
केएल राहुल का RR के खिलाफ शानदार रहा है औसत (तस्वीर: ट्विटर/@LucknowIPL)

IPL: केएल राहुल का RR के खिलाफ लगभग 50 का रहा है औसत, जानिए आंकड़े 

Apr 18, 2023
07:34 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 26वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से बुधवार (19 अप्रैल) को होना है। इस मैच में LSG के कप्तान केएल राहुल अपने प्रदर्शन से मैच में अंतर पैदा करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने अपने पिछले मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ अर्धशतक लगाकर अच्छी फॉर्म के संकेत दिए हैं। राहुल का RR के खिलाफ लगभग 50 का औसत रहा है। उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

IPL करियर 

सबसे तेज 4,000 IPL रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं राहुल  

राहुल ने 2013 में IPL में पहली बार शिरकत की थी। एक दशक लम्बे IPL करियर में उन्होंने 114 मैचों में 47.02 की औसत और 135.16 की स्ट्राइक रेट से 4,044 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 132* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं। वह हाल ही में लीग इतिहास में सबसे तेज 4,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। उन्होंने 105 पारियों में ये आंकड़ा छूआ था।

RR 

RR के खिलाफ जबरदस्त रहा है राहुल का प्रदर्शन 

राहुल को RR के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद है। उनके आंकड़े इस बात की गवाही देते हैं। LSG के कप्तान ने RR के विरुद्ध अब तक 13 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 49.09 की जबरदस्त औसत और 130.43 की स्ट्राइक रेट के साथ 540 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 95* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 5 अर्धशतक लगाए हैं। वह RR के खिलाफ 2 पारियों में नाबाद रहे हैं।

गेंदबाज 

RR के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ राहुल के आंकड़े 

राहुल ने युजवेंद्र चहल के खिलाफ 60 गेंदों का सामना किया है, जिसमें उन्होंने 87 रन बनाए हैं। इस बीच वह 1 बार आउट हुए हैं। ट्रेंट बोल्ट के खिलाफ राहुल ने 49 गेंदों में 163.26 की स्ट्राइक रेट से 80 रन बनाए हैं। इस कीवी तेज गेंदबाज ने 2 बार LSG के कप्तान को आउट किया है। एडम जैम्पा के विरुद्ध राहुल ने 20 गेंदों में बिना आउट हुए 16 रन बनाए हैं।

IPL 2023 

मौजूदा सीजन में कैसा रहा है राहुल का प्रदर्शन?

IPL 2023 में राहुल ने 31.00 की औसत से 155 रन बना लिए हैं। DC के खिलाफ अपने पहले मैच में उन्होंने 12 गेंद में 8 रन बनाए थे। CSK के खिलाफ राहुल ने 18 गेंद में 20 रन बनाए। SRH के खिलाफ उन्होंने 31 गेंद में 35 रन बनाए थे। इसके बाद RCB के विरुद्ध वह 20 गेंदों में 18 रन ही बना सके थे। अपने पिछले मैच में PBKS के खिलाफ उन्होंने 55 गेंदों में 74 रन बनाए।