IPL 2026: DC ने MI को हराते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 8वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 6 विकेट से हराते हुए अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। अरुण जेटली स्टेडियम में हुए मैच में MI ने 162/6 का स्कोर बनाया, जिसमें सूर्यकुमार यादव का अर्धशतक (51) शामिल रहा। जवाब में DC ने समीर रिजवी की बेहतरीन पारी (90) की मदद से 19वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रोचक रहा मुकाबला
MI से रयान रिकेलटन (9) और तिलक वर्मा (0) जल्दी आउट हुए। इसके बाद रोहित शर्मा (35) और सूर्यकुमार ने पारी को संभाला। इनके अलावा नमन धीर (28) और मिचेल सेंटनर (18*) ने टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया। जवाब में DC से केएल राहुल (1) और नितीश राणा (0) ने निराश किया। इसके बाद पथुम निसांका (44) और समीर रिजवी की पारियों ने DC को जीत दिलाई। डेविड मिलर ने नाबाद 21 रन बनाए।
रोहित
एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक छक्के वाले भारतीय बल्लेबाज बने रोहित
रोहित शर्मा ने 35 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इस दौरान पारी का एकमात्र छक्का लगाते ही उन्होंने IPL का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह अब एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी के 50 छक्कों (बनाम RCB) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। रोहित ने IPL में DC के खिलाफ 38 मैचों में 31.20 की औसत से 1,092 रन (छक्के- 51) बनाए हैं।
सूर्यकुमार
सूर्यकुमार ने लगाया अर्धशतक
सूर्यकुमार ने 36 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 3 चौके और 2 छक्के लगाए। यह उनके IPL करियर का 30वां और DC के खिलाफ 5वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 35 गेंदों में पूरा किया। IPL करियर में उन्होंने अब तक 168 मैच खेले हैं, जिसमें 35.02 की औसत और 148.71 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,378 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 30 अर्धशतकों के साथ 2 शतक भी जड़े हैं।
रिजवी
रिजवी अपने पहले IPL शतक से चूके
लक्ष्य का पीछा करते हुए DC ने जब 7 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब रिजवी क्रीज पर आए। उन्होंने MI की चुनौतीपूर्ण गेंदबाजी के सामने अपनी टीम को संभालने का सफल प्रयास किया। इस बीच उन्होंने निसांका (44) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। इस युवा बल्लेबाज ने सिर्फ 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 51 गेंदों में 7 छक्कों की बदौलत 90 रन बनाकर आउट हुए।
IPL
राहुल को पहली बार आउट करने में सफल हुए दीपक चाहर
पारी की शुरुआत करने आए राहुल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए। MI के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने उनका विकेट हासिल किया। क्रिकइंफो के अनुसार, चाहर ने पहली बार राहुल को आउट किया। IPL की 13 पारियों में, राहुल अब तक चाहर के हाथों सिर्फ एक बार आउट हुए हैं। इस बीच राहुल ने 103 गेंदों में 160 रन बनाए हैं। इस तेज गेंदबाज के विरुद्ध उनका औसत 155.33 है।
ट्विटर पोस्ट
अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची DC
🚨 DELHI CAPITALS - TOP OF THE POINTS TABLE IN IPL 2026 🚨 pic.twitter.com/XlEMhqH0r6
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 4, 2026