Page Loader
IPL 2025: रियान पराग बनाए गए राजस्थान रॉयल्स के कप्तान, जानिए क्या है कारण 
रियान पराग राजस्थान के नए कप्तान हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: रियान पराग बनाए गए राजस्थान रॉयल्स के कप्तान, जानिए क्या है कारण 

Mar 20, 2025
11:19 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 को लेकर बहुत बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान रॉयल्स (RR) ने पहले 3 मैच के लिए रियान पराग को कप्तान चुना है। इन मुकाबलों में संजू सैमसन बल्लेबाज के रूप में खेलते हुए नजर आएंगे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने अभी तक सैमसन को विकेटकीपिंग के लिए मंजूरी नहीं दी है। इसी कारण यह फैसला लिया गया है। वह इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में भी नजर आ सकते हैं।

कप्तान

सैमसन की हुई थी उंगली की सर्जरी 

30 साल के सैमसन ने पिछले महीने अपनी उंगली की सर्जरी कराई थी। PTI की खबर के अनुसार वह बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में इलाज करवा रहे थे। सैमसन इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली गई टी-20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में चोटिल हुए थे। उन्हें जोफ्रा आर्चर की गेंद लगी थी। आर्चर भी IPL 2025 में RR की टीम का हिस्सा हैं। ध्रव जुरेल पहले 3 मैच में विकेटकीपर के तौर पर नजर आ सकते हैं।

आंकड़े

कप्तान के तौर पर सैमसन के आंकड़े 

सैमसन को IPL 2021 में टीम का कप्तान बनाया गया था। उन्होंने 61 मुकाबलों में कप्तान की है। इस दौरान टीम को 31 मैच में जीत मिली है और 29 में हार का सामना करना पड़ा है। 1 मैच में कोई नतीजा नहीं निकल पाया है। सैमसन अपनी टीम को एक बार भी ट्रॉफी नहीं दिला पाए हैं। RR ने आखिरी बार 2008 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। पिछले सीजन सैमसन के बल्ले से 531 रन निकले थे।

अनुभव

2019 से RR के लिए खेल रहे हैं पराग 

पराग IPL 2019 से RR के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक 70 मुकाबले खेले हैं और इसकी 58 पारियों में 24.43 की औसत और 135.13 की स्ट्राइक रेट से 1,173 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। उनके बल्ले से 6 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84* रन रहा है। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 4 विकेट अपने नाम किए हैं। IPL 2024 में पराग के बल्ले से 52.09 की औसत से 573 रन निकले थे।

ट्विटर पोस्ट

सैमसन ने किया कप्तान का ऐलान