Page Loader
IPL 2025: MI ने DC को हराते हुए प्लेऑफ में किया प्रवेश, ये बने रिकॉर्ड्स
MI ने दर्ज की जोरदार जीत (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025: MI ने DC को हराते हुए प्लेऑफ में किया प्रवेश, ये बने रिकॉर्ड्स

May 21, 2025
11:15 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 63वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 59 रन से हराते हुए प्लेऑफ में अपना स्थान सुनिश्चित किया। वानखेड़े स्टेडियम में हुए मैच में MI ने पहले खेलते हुए 180/5 का स्कोर बनाया। जवाब में DC की टीम 121 रन पर ही सिमट गई। इस हार के साथ ही DC प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती MI की टीम

MI ने 58 रन तक अपने 3 विकेट खो दिए थे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक (73*) लगाया। वहीं, नमन धीर ने 8 गेंदों पर नाबाद 27 रन का योगदान देते हुए टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचा दिया। जवाब में DC ने 27 रन के स्कोर तक केएल राहुल (11), फाफ डु प्लेसिस (6) और अभिषेक पोरेल (6) के विकेट खोए। इसके बाद समीर रिजवी ने 39 रन की पारी खेली, लेकिन जीत नहीं दिला सके।

सूर्यकुमार 

सूर्यकुमार ने इस सीजन में चौथा अर्धशतक लगाया

MI ने जब 48 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब सूर्यकुमार क्रीज पर आए। उन्होंने बल्लेबाजी के लिए कठिन नजर आ रही पिच पर शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की। इस बीच मौके मिलने पर उन्होंने आकर्षक शॉट भी लगाए। सूर्यकुमार ने 36 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। आखिरी ओवरों के दौरान उन्होंने तेजी से बल्लेबाजी की और वह 43 गेंदों पर 7 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 73 रन बनाकर नाबाद रहे।

उपलब्धि 

सूर्यकुमार ने लगातार 13वीं पारी में 25+ रन बनाए 

सूर्यकुमार का मौजूदा सीजन में जोरदार बल्ला रहा है। उन्होंने अब तक 13 पारियों में 72.87 की औसत और 170.46 की स्ट्राइक रेट के साथ 583 रन बनाए हैं। उन्होंने सभी 13 पारियों में 25+ रन बनाए हैं। वह टी-20 क्रिकेट में लगातार सर्वाधिक 25+ रन बनाने वाले बल्लेबाज (संयुक्त रूप से) बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में दक्षिण अफ्रीका में तेम्बा बावुमा की बराबरी की है।

कुलदीप 

कुलदीप यादव ने IPL में अपने 100 विकेट पूरे किए 

कुलदीप यादव ने अपने 4 ओवर में 25 रन देते हुए 1 विकेट लिया। इस स्पिनर ने IPL में अपने 100 विकेट पूरे किए। मुंबई इंडियंस (MI) के रयान रिकेल्टन उनका 100वां शिकार बने। वह IPL के इतिहास में विकेटों का शतक लगाने वाले विश्व के कुल 29वें गेंदबाज बने हैं। वह अब तक 97 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 94 पारियों में लगभग 27 की औसत के साथ 100 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।

आंकड़े 

इस सूची में शामिल हुए कुलदीप 

इसके साथ ही सबसे तेज 100 IPL विकेट लेने वाले स्पिनरों में कुलदीप 5वें पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 97 पारियों का सहारा लिया है। बता दें कि अमित मिश्रा और राशिद खान इस सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। इन दोनों ने 83-83 पारियों में विकेटों का शतक लगाया था। उनके बाद युजवेंद्र चहल ने 84 पारियों में और सुनील नरेन ने 86 पारियों में 100 विकेट पूरे किए थे।

सैंटनर 

सैंटनर और बुमराह की उम्दा गेंदबाजी 

गेंदबाजी के लिए मददगार नजर आ रही मुंबई की पिच पर मिचेल सैंटनर ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के इस कीवी स्पिनर ने विप्रज निगम (20) के रूप में अपना पहला विकेट लिया। इसके बाद उन्होंने आशुतोष शर्मा और समीर रिजवी के रूप में अहम विकेट लिए। उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में सिर्फ 11 रन खर्च किए। वहीं, बुमराह ने 3.2 ओवर में 12 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की।

ट्विटर पोस्ट

प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बनीं MI