
IPL 2025: मुंबई इंडियंस ने विल जैक्स की जगह जॉनी बेयरस्टो को टीम में शामिल किया
क्या है खबर?
मुंबई इंडियंस (MI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के शेष मैचों के लिए ऑलराउंडर विल जैक्स की जगह स्टार इंग्लिश विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो को टीम में शामिल किया है। इसी तरह टीम ने कॉर्बिन बॉश और रयान रिकेल्टन के स्थान पर क्रमशः चारिथ असलांका और रिचर्ड ग्लीसन को भी अनुबंधित किया है। बता दें कि अंकतालिका में चौथे स्थान पर मौजूद MI ने टीम की मजबूती के लिए यह कदम उठाया है।
अनुभव
MI के काम आ सकता है बेयरस्टो का अनुभव
वनडे विश्व कप 2019 की विजेता इंग्लैंड टीम का हिस्सा रहे बेयरस्टो MI के लिए प्रमुख खिलाड़ी रहेंगे। अपने लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में इंग्लैंड के लिए 287 मैच खेलने वाले बेयरस्टो के आने से टीम को उनके अनुभव का खास लाभ मिलने की उम्मीद है। बेयरस्टो ने 2019 से 2024 के बीच 50 IPL मैचों में 2 शतकों की मदद से 1,589 रन बनाए हैं। उनके टीम में आने से MI के बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिलने की संभावना है।
फायदा
असलांका और ग्लीसन के आने से भी होगा MI को फायदा
वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों में श्रीलंकाई कप्तान चरिथ असलांका को भी मुंबई ने अनुबंधित किया है। 134 अंतरराष्ट्रीय मैचों के अनुभव के साथ असलांका टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी को मजबूती दे सकते हैं। टीम में एक और उल्लेखनीय नाम रिचर्ड ग्लीसन का है। इस इंग्लिश क्रिकेटर ने छह टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और डेथ ओवरों में अपने असाधारण कौशल के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 23.76 की औसत से 129 टी-20 विकेट भी लिए हैं।
लक्ष्य
MI का लक्ष्य शेष 2 मैच जीतना
IPL 2025 की अंकतालिका में चौथे स्थान पर काबिज MI के अभी दो मैच बाकी हैं। अगर, वह दोनों मैच जीत जाती है तो 5 बार की चैंपियन टीम 18 अंकों के साथ प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। हालांकि, एक मैच जीतने पर उसकी योग्यता अन्य मैचों के परिणामों पर निर्भर करेगी। इसी तरह, दोनों मैचों में हार से वह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी। शीर्ष तीन टीमें पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुकी है।