
IPL 2025: जोश इंग्लिस ने जड़ा पहला अर्धशतक, बने 'प्लेयर ऑफ द डे'
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 69वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) के विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (73) खेली।
यह उनके IPL करियर का पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 29 गेंदों में पूरा किया।
उनकी पारी से PBKS ने मैच में 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज कर ली। इंग्लिस को उनकी इस पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द डे' के पुरस्कार से भी नवाजा गया।
बल्लेबाजी
कैसी रही इंग्लिस की पारी और साझेदारी?
PBKS ने 185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 34 रन के स्कोर पर प्रभसिमरन सिंह (13) के रूप में पहला विकेट खोया था।
उसके बाद क्रीज पर आए इंग्लिस ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
वह 42 गेंदों में 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 73 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने प्रियांश आर्य (62) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 109 रन की साझेदारी निभाई।
उपलब्धि
इंग्लिस के नाम दर्ज हुई यह खास उपलब्धि
ऑस्ट्रेलिया के इंग्लिस अब विकेटकीपर के तौर पर PBKS की ओर से अर्धशतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बने हैं।
उनसे पहले कुमार संगाकारा और एडम गिलक्रिस्ट भी टीम के लिए अर्धशतक जड़ चुके हैं।
इसी तरह इंग्लिस 8 साल लम्बे अंतराल के बाद PBKS के लिए अर्धशतक बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई भी बने हैं।
बता दें कि इससे पहले 2017 में ऑस्ट्रेलिया के शॉन मार्श ने गुजरात लायंस के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी।
करियर
कैसा रहा है इंग्लिस का IPL करियर?
इंग्लिस ने इस संस्करण में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 8 मैचों में 32.83 की औसत और 164.17 की स्ट्राइक रेट से 197 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने उन्होंने केवल एकमात्र अर्धशतक जड़ा है।
इससे पहले उनका उच्चतम स्कोर 32 रन का था, जो उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ बनाया था। वह विकेट के पीछे भी 7 शिकार कर चुके हैं।
परिणाम
PBKS ने इस तरह दर्ज की जीत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए MI के लिए रयान रिकेल्टन (27) और रोहित शर्मा (24) ने पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े।
इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक (57) लगाया और अंत तक बल्लेबाजी करते हुए टीम को 184/7 के स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में PBKS ने प्रियांश (62) और इंग्लिस (73) उम्दा पारियों की बदौलत 18.3 ओवर में केवल 3 विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया।