Page Loader
IPL 2024: सूर्यकुमार यादव को NCA ने नहीं किया फिट घोषित, शुरुआती मुकाबले से होंगे बाहर
सूर्यकुमार यादव IPL के शुरुआती मैच से होंगे बाहर (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: सूर्यकुमार यादव को NCA ने नहीं किया फिट घोषित, शुरुआती मुकाबले से होंगे बाहर

Mar 19, 2024
05:37 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें संस्कारण का आगाज 22 मार्च से होगा। इससे पहले मुंबई इंडियंस (MI) के लिए बुरी खबर आई है। टीम के प्रमुख बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) ने फिट घोषित नहीं किया है। ऐसे में वह 24 मार्च को MI के पहले मुकाबले में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। यदि NCA ने उन्हें फिट घोषित करने में देरी की तो वह बाद के कुछ अन्य मुकाबलों से भी बाहर हो सकते हैं।

टेस्ट

सूर्यकुमार को NCA में हुआ फिटनेस टेस्ट

क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, सूर्यकुमार का मंगलवार को NCA में फिटनेस टेस्ट हुआ था, लेकिन उसके बाद NCA ने उन्हें फिट घोषित नहीं किया है। इससे उनके IPL के शुरुआती मैच में हिस्सा लेने की संभावनाओं को झटका लगा है। इस घटना के बाद सूर्यकुमार ने सोशल मीडिया पर दिल तोड़ने वाला इमोजी साझा कर अपनी निराशा व्यक्त की थी। अब सूर्यकुमार का अगला फिटनेस टेस्ट 21 मार्च के लिए निर्धारित किया गया है।

प्रकरण

सर्जरी के लिए जर्मनी गए थे सूर्यकुमार

कुछ दिन पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सूत्र ने बताया था कि सूर्यकुमार स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी के लिए जर्मनी गए थे। हाल ही में इस खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर ट्रेनिंग करते हुए कुछ वीडियो भी शेयर किए थे। हालांकि, बल्लेबाजी करते हुए उनके कोई भी फोटो या वीडियो सामने नहीं आया था। वह पिछले कई दिनों से NCA में पुनर्वास प्रक्रिया से गुजर रहे थे और अभी तक MI के कैंप का हिस्सा नहीं बने हैं।

जानकारी

ऐसा रहा सूर्यकुमार का IPL करियर 

सूर्यकुमार ने IPL में 139 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 32.17 की औसत और 143.32 की स्ट्राइक रेट से 3,249 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 21 अर्धशतक निकले हैं। वह 22 बार नाबाद रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा है।