Page Loader
IPL 2024: मुंबई इंडियंस ने दर्ज की पहली जीत, DC को 29 रन से दी मात 
मुंबई इंडियंस को मैच में शानदार जीत मिली (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: मुंबई इंडियंस ने दर्ज की पहली जीत, DC को 29 रन से दी मात 

Apr 07, 2024
07:19 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का 20वां मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला गया। इस मैच को MI ने 29 रन से जीता। यह इस सीजन में टीम की पहली जीत है। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 234 रन बना दिए थे। जवाब में DC की टीम 205/8 का स्कोर ही बना पाई। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

मैच में DC ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। रोहित शर्मा (49), ईशान किशन (42), टिम डेविड (45) और रोमारियो शेफर्ड (39*) की धमाकेदार पारियों की मदद से पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। DC का कोई भी गेंदबाज मैच में अपनी छाप नहीं छोड़ पाया। जवाब में पृथ्वी शॉ (66) और ट्रिस्टन स्टब्स (71*) ने अपनी टीम के लिए अच्छी पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए।

रन

रोहित ने DC के खिलाफ पूरे किए 1,000 रन 

रोहित ने अपनी 49 रन की पारी के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह DC के खिलाफ 1,000 रन पूरे करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले डेविड वार्नर और विराट कोहली ने यह कारनामा किया था। तीनों बल्लेबाजों ने IPL करियर में 2-2 टीमों के खिलाफ 1,000 से अधिक रन बनाए हैं। रोहित ने DC के अलावा कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ भी 1,000 से अधिक रन बनाए हैं।

बल्लेबाजी

हार्दिक पांड्या ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए 4,500 रन 

MI के कप्तान हार्दिक पांड्या ने अपनी 39 रन की पारी के दौरान टी-20 क्रिकेट में 4,500 रन पूरे कर लिए। हालांकि, वह महज 11 रन से अपना 11वां अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। पांड्या टी-20 क्रिकेट में 4,500 रन पूरे करने वाले कुल 118वें और 21वें भारतीय बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने यह आंकड़ा छूने के लिए 248 मैच खेले हैं। टी-20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन कोहली (13,310) के नाम है।

पारी

शेफर्ड ने हासिल की यह उपलब्धि 

शेफर्ड ने सिर्फ 10 गेंद का सामना किया और 39 रन जड़ दिए। उन्होंने पारी के 20वें ओवर में एनरिक नोर्खिया के खिलाफ 32 रन बनाए। इसके साथ ही वह IPL इतिहास में 20वें ओवर में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। IPL में 20वें ओवर में सर्वाधिक रन रविंद्र जडेजा (36) ने बटोरे हैं। शेफर्ड ने कम से कम 10 गेंद की पारी में सर्वाधिक स्ट्राइक रेट (390) का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।

अर्धशतक

शॉ ने जड़ा IPL करियर का 14वां अर्धशतक 

शॉ ने मैच में 40 गेंद का सामना किया और 66 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 165.00 की रही। यह उनके IPL करियर का 14वां अर्धशतक रहा। उन्होंने अब तक IPL में 74 मुकाबले खेले हैं और 146.68 की स्ट्राइक रेट से 1,813 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 99 रन रहा है। शॉ अपने IPL करियर में 24.50 की औसत से रन बनाए हैं।

जानकारी

जसप्रीत बुमराह ने पूरे किए 150 विकेट 

MI के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 22 रन देकर 2 विकेट झटके। इसी के साथ उन्होंने अपने IPL करियर में 150 विकेट पूरे कर लिए। वह IPL में 150 विकेट लेने वाले 10वें खिलाड़ी बने हैं।

पारी

स्टब्स ने आखिरी तक किया संघर्ष 

स्टब्स ने DC के लिए 25 गेंद का सामना किया और 71 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 3 चौके और 7 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 284.00 की रही। उन्होंने अक्षर पटेल के साथ सिर्फ 16 गेंद में 40 रन जोड़े। इसके अलावा अभिषेक पोरेल के साथ 19 गेंद में 34 रन की साझेदारी निभाई। यह उनके IPL करियर का दूसरा अर्धशतक रहा। इस मुकाबले से पहले उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 54 रन था।

जानकारी

रोहित ने पूरे किए 100 कैच 

रोहित ने इस मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह IPL के इतिहास में 100 कैच लपकने वाले सिर्फ चौथे खिलाड़ी बने हैं। IPL के इतिहास में उनसे ज्यादा कैच सिर्फ सुरेश रैना (109), कोहली (109) हैं और किरोन पोलार्ड (103) ने लिए हैं।

गेंदबाजी

गेराल्ड कोएत्जी ने किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 

MI के तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी ने 4 ओवर में 34 रन खर्च किए और DC के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। उनकी इकॉनमी रेट 8.50 की रही। यह IPL में इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उन्होंने ऋषभ पंत (1), ललित यादव (3), कुमार कुसाग्र (0) और झाई रिचर्डसन (2) को अपना शिकार बनाया। आखिरी ओवरों में इस खिलाड़ी के खिलाफ दिल्ली के बल्लेबाज रन ही नहीं बना पाए।

अंक तालिका

MI 8वें स्थान पर पहुंची 

MI ने इस सीजन 4 मुकाबले खेले हैं। 3 मैच में उन्हें हार और 1 मैच में जीत मिली है। टीम 2 अंक के साथ 8वें स्थान पर पहुंच गई है। DC को मिली हार के बाद टीम आखिरी स्थान पर आ गई है। उन्होंने अब तक 5 मुकाबले खेले हैं और सिर्फ 1 मैच में ही टीम जीत दर्ज कर पाई है। 4 मैच में 4 जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स (RR) पहले स्थान पर बनी हुई है।