Page Loader
IPL 2024: विराट कोहली का MI के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े
विराट कोहली मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलना चाहेंगे बड़ी पारी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: विराट कोहली का MI के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए आंकड़े

Apr 10, 2024
03:35 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 25वें मुकाबले में गुरुवार (11 अप्रैल) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना मुंबई इंडियंस (MI) से होगा। यह मुकाबला MI के घरेलू मैदान मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में RCB की टीम लगातार 3 हार के बाद जीत की पटरी पर लौटना चाहेगी। इसके लिए विराट कोहली को फिर से बड़ी पारी खेलनी होगी। आइए कोहली के IPL में MI के खिलाफ प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

प्रदर्शन

कोहली ने MI के खिलाफ किया है शानदार प्रदर्शन

कोहली का IPL में प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। वह MI के खिलाफ भी कई धमाकेदार पारियां खेल चुके हैं। वह इस मैच में भी बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। वह MI के खिलाफ 32 मैच की 31 पारियों में 31.56 की औसत और 128.12 की स्ट्राइक रेट से 852 रन बना चुके हैं। इसमें 92* रन के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने 5 अर्धशतक भी जमाए हैं। वह इस टीम के खिलाफ 4 बार नाबाद भी रहे हैं।

आंकड़े

MI के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ कोहली का प्रदर्शन?

कोहली का MI के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह से 15 IPL मुकाबलों में सामना हुआ है, जिसमें वह 4 बार आउट हुए हैं। कोहली उनके खिलाफ 92 गेंदों में 140 रन बनाने में सफल रहे हैं। हार्दिक पांड्या के खिलाफ उन्होंने 9 पारी में 43 गेंदों में 55 रन बनाए हैं और 1 बार आउट हुए हैं। पीयूष चावला के खिलाफ उन्होंने 4 पारियों में 14 गेंदों में 22 रन बनाए हैं और 1 बार आउट हुए हैं।

करियर

कैसा रहा है कोहली का IPL करियर?

कोहली ने साल 2008 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 242 मैच की 234 पारियों में 38.28 की औसत और 130.63 की स्ट्राइक रेट के साथ 7,579 रन बना चुके हैं। इसमें 8 शतक और 52 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 113* रन का रहा है। वह 36 बार नाबाद भी रहे हैं। उन्होंने 144 मैचों में कप्तानी करते हुए 68 में जीत हासिल की है।