Page Loader
IPL 2023: मुंबई इंडियंस ने झाई रिचर्डसन की जगह रिले मेरेडिथ को किया टीम में शामिल
रिले मेरेडिथ मुंबई इंडियंस का हिस्सा होंगे (तस्वीर: ट्विटर/@LoyalSachinFan)

IPL 2023: मुंबई इंडियंस ने झाई रिचर्डसन की जगह रिले मेरेडिथ को किया टीम में शामिल

Apr 06, 2023
10:14 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए अच्छी खबर आई है। चोटिल झाई रिचर्डसन की जगह रिले मेरेडिथ ने ले ली है। रिचर्डसन हैमस्ट्रिंग की चोट से उबरने के लिए सर्जरी से गुजरे हैं। रिचर्डसन को MI ने नीलामी में 1.5 करोड़ रूपये की कीमत में खरीदा था। मेरेडिथ को पंजाब किंग्स (PBKS) ने साल 2021 में सबको हैरान करते हुए 8 करोड़ में खरीदा था। साल 2022 में वह MI की टीम का हिस्सा थे।

करियर

कैसा रहा है मेरेडिथ का IPL करियर? 

मेरेडिथ ने 13 IPL मैच खेले हैं और 33.75 की औसत से 12 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने 9 की इकॉनमी से गेंदबाजी की है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/24 का रहा है। उनके खिलाफ बल्लेबाजों ने 405 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 22.50 का रहा है। पिछले साल मेरेडिथ को MI के लिए 8 मैच खेलने का मौका मिला था। उन्होंने 29.50 की औसत से 8 विकेट लिए थे। उनका इकॉनमी 8.43 का रहा था।

टी-20

कैसा रहा है मेरेडिथ का टी-20 करियर?

टी-20 क्रिकेट में मेरेडिथ ने 77 मैच खेले हैं और 23.41 की औसत से 100 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/21 विकेट का रहा है। उन्होंने 8.33 की इकॉनमी से गेंदबाजी की है। उनका स्ट्राइक रेट 16.8 का रहा है। उनके खिलाफ बल्लेबाजों ने 2,341 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के लिए मेरेडिथ ने 5 मैच खेले हैं और 23.50 की औसत से 8 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 3/48 विकेट की रही है।

चोट

लगातार चोटों से जूझ रहे हैं रिचर्डसन 

रिचर्डसन पिछले काफी समय से चोटों से जूझ रहे हैं जिसके चलते वह क्रिकेट से काफी दूर रहे हैं। 2019 में कंधे की चोट के चलते उन्हें क्रिकेट से दूर होना पड़ा था। इसके बाद दिसंबर, 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड टेस्ट मैच के दौरान एड़ी की चोट के चलते उन्हें फिर टीम से बाहर होना पड़ा। उन्होंने तब से टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है। उन्होंने अंतिम बार जून, 2022 में श्रीलंका दौरे पर टी-20 और सीरीज खेली थी।

शुरुआत

IPL 2023 में मुंबई को नहीं मिली अच्छी शुरुआत 

मुंबई को IPL 2023 के पहले मैच में 8 विकेट से हार मिली थी। चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मैच में MI ने पहले खेलते हुए तिलक वर्मा के अर्धशतक (84*) की बदौलत 171/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में RCB ने विराट कोहली (82*) और फाफ डु प्लेसिस (73) की पारियों की मदद से 16.2 ओवर में आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया था। MI के जसप्रीत बुमराह भी चोट के कारण इस सीजन नहीं खेल रहे हैं।