Page Loader
IPL 2023: विराट कोहली का MI के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े 
विराट कोहली इस समय शानदार फॉर्म में हैं (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: विराट कोहली का MI के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन? जानिए उनके आंकड़े 

May 08, 2023
12:40 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में मंगलवार का दिन खास होने वाला है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे स्टार खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के सलामी बल्लेबाज कोहली इस सीजन शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में उनसे एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी। पिछले मैच में उन्होंने IPL में 7,000 रन भी पूरे किए थे। आइए जानते हैं कि कोहली का प्रदर्शन मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ कैसा रहा है।

प्रदर्शन

IPL 2023 में कैसा रहा है कोहली का प्रदर्शन?

इस सीजन कोहली ने 10 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 46.56 की औसत से 419 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 135.16 की रही है। उन्होंने 6 अर्धशतक के साथ 39 चौके और 11 छक्के जमाए हैं। वह 1 बार नॉटआउट भी रहे हैं। पिछले सीजन से अगर तुलना करें तो कोहली हर मामले में बेहतर साबित हुए हैं। उन्होंने IPL 2022 में 16 मैच में 22.73 की औसत और 115.99 की स्ट्राइक रेट से 341 रन बनाए थे।

आंकड़े

MI के खिलाफ कैसे हैं कोहली के आंकड़े?

कोहली ने MI के खिलाफ पहला मुकाबला साल 2008 में खेला था। वह अब तक 31 बार MI के खिलाफ मैदान पर उतरे हैं। इस दौरान उन्होंने 32.73 की औसत और 128.74 की स्ट्राइक रेट से 851 रन बनाने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने इस दौरान 5 अर्धशतक जमाए हैं। कोहली का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 92 रन रहा है। वह 2 बार खाता खोले बिना भी पवेलियन लौटे हैं। MI के खिलाफ उन्होंने 70 चौके और 32 छक्के लगाए हैं।

रिकॉर्ड

वानखेड़े स्टेडियम में कैसा रहा है कोहली का प्रदर्शन?

MI के खिलाफ RCB का मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस स्टेडियम में कोहली का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने यहां 16 मुकाबले खेले हैं और 51.81 की शानदार औसत से 570 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 139.36 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। कोहली यहां 5 अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे हैं। साथ ही उन्होंने 44 चौके और 23 छक्के भी लगाए हैं। वह यहां 5 बार नॉटआउट भी रहे हैं।

करियर

शानदार रहा है कोहली का IPL करियर 

कोहली ने IPL के 233 मैचों में 7,043 रन बनाए हैं। वह इस लीग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। शिखर धवन (6,536), डेविड वार्नर (6,189) और रोहित (6,063) ही अन्य ऐसे बल्लेबाज हैं, जो 6,000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। कोहली के नाम 50 अर्द्धशतक और 5 शतक हैं। इस बीच 113 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है, जो 2016 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के खिलाफ उन्होंने बनाया था।