Page Loader
CSK बनाम MI: मथीशा पथिराना ने 15 रन देकर झटके 3 विकेट, जानिए आंकड़े 
मथीशा पथिराना ने लिए 3 विकेट (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

CSK बनाम MI: मथीशा पथिराना ने 15 रन देकर झटके 3 विकेट, जानिए आंकड़े 

May 06, 2023
06:27 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 49वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मथीशा पथिराना ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए हैं। उन्होंने आज अपने IPL करियर में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। उनकी बेहतरीन गेंदबाजी के चलते ही MI पहले बल्लेबाजी करते हुए 139/8 का स्कोर ही बना सकी थी। आइए पथिराना की गेंदबाजी और उनके IPL के आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

गेंदबाजी 

ऐसी रही पथिराना की गेंदबाजी 

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज पथिराना ने किफायती गेंदबाजी की और लगातार विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने अपने शुरुआती 2 ओवरों में बिना विकेट लिए 8 रन दिए थे। इसके बाद डेथ ओवर्स के दौरान उन्होंने तीनों विकेट चटकाए। उन्होंने 4 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें महज 15 रन देते हुए नेहल वढेरा, ट्रिस्टन स्टब्स और अरशद खान के विकेट लिए। उन्होंने MI के पारी के आखिरी 20वें ओवर के दौरान सिर्फ 5 रन दिए थे।

IPL करियर 

कैसा रहा है पथिराना का IPL करियर?

पथिराना ने इस सीजन में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ अपना IPL डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 9 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 21.67 की औसत और 7.65 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट ले लिए हैं। उन्होंने डेथ ओवर्स में कफायती गेंदबाजी की है और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरे हैं। उन्होंने IPL 2023 में डेथ ओवर्स के दौरान 7.53 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट लिए हैं।

लेखा-जोखा 

MI के बल्लेबाजों ने किया निराश 

CSK के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए MI से नेहल वढेरा ने अर्धशतकीय पारी (64) खेली। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 26 रन का योगदान दिया। CSK से पथिराना के अलावा तुषार देशपांडे और दीपक चाहर ने भी 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर नहीं बनाने दिया है। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए CSK ने 9 ओवर के बाद 81/2 का स्कोर बना लिया है। फिलहाल क्रीज पर डेवोन कॉनवे और अम्बाती रायडू हैं।