Page Loader
IPL 2023: सूर्यकुमार यादव का RCB के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन?
सूर्यकुमार ने मौजूदा सीजन में लगा लिए हैं 3 अर्धशतक (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: सूर्यकुमार यादव का RCB के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन?

May 08, 2023
05:07 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 54वें मैच में मुंबई इंडियंस (MI) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से मंगलवार (9 मई) को होना है। MI ने अपने 10 में से 5 मैच जीते हुए हैं और प्ले-ऑफ की रेस में बने रहने के लिए उन्हें जीत की जरूरत है। ऐसे में MI की टीम सूर्यकुमार यादव से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। आइए सूर्यकुमार के RCB के खिलाफ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

IPL करियर 

शानदार चल रहा है सूर्यकुमार का IPL करियर 

सूर्यकुमार पिछले कुछ सालों से MI के प्रमुख बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने इस लीग में 2012 में अपना डेब्यू किया था। एक दशक से लम्बे IPL करियर में अब तक उन्होंने 133 मैच की 117 पारियों में लगभग 30 की औसत और 139.86 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,937 रन बनाए हैं। लीग में उनके नाम 318 चौके और 96 छक्के दर्ज हैं। उन्होंने 82 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 19 अर्धशतक लगा लिए हैं।

RCB 

RCB के खिलाफ 31 की औसत से सूर्यकुमार ने बनाए हैं रन 

RCB के खिलाफ सूर्यकुमार ने 17 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 31.09 की औसत और 139.59 की स्ट्राइक रेट से 342 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 79 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगाए हैं। वह RCB के विरुद्ध 2 बार शून्य पर भी आउट हुए हैं। इस सीजन में RCB के खिलाफ पहली भिड़ंत में वह कुछ कमाल नहीं कर सके थे और 16 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए थे।

प्रमुख गेंदबाज 

RCB के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ सूर्यकुमार का प्रदर्शन 

सूर्यकुमार ने हर्षल पटेल के खिलाफ 26 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 30 रन बनाए हैं। इस बीच वह 2 बार आउट हुए हैं। सूर्यकुमार को मोहम्मद सिराज के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद है। उन्होंने सिराज के खिलाफ 22 गेंदों में 48 रन बनाए हैं और इस दौरान वह सिर्फ 1 बार आउट हुए हैं। वानिंदू हसरंगा के सामने MI के बल्लेबाज ने 7 गेंदों में बिना आउट हुए 10 रन बनाए हैं।

IPL 2023 

IPL 2023 में सूर्यकुमार का प्रदर्शन 

मौजूदा सीजन की शुरुआत में सूर्यकुमार फॉर्म की तलाश कर रहे थे और उन्होंने पिछले कुछ मैचों में लय हासिल कर ली है। IPL 2023 में उन्होंने अब तक 10 मैचों में 29.30 की औसत और 175.45 की स्ट्राइक रेट से 293 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 66 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक भी लगा लिए हैं। वह मौजूदा सीजन में अब तक 12 छक्के भी लगा चुके हैं।