Page Loader
IPL 2023: GT ने MI को हराकर दर्ज की पांचवी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स 
GT ने दर्ज की पांचवी जीत (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: GT ने MI को हराकर दर्ज की पांचवी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स 

Apr 25, 2023
11:21 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 35वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 55 रन से हराकर अपनी पांचवी जीत दर्ज की है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में GT ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 207/6 का स्कोर बनाया था। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए MI पूरे ओवर खेलने के बावजूद 152/9 का स्कोर ही बना सकी थी। मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

GT ने दर्ज की जीत 

शुभमन गिल के अर्धशतक (56) के बावजूद GT ने एक समय 101 रन पर अपने 4 विकेट गंवा दिए। इसके बाद अभिनव मनोहर (42) और डेविड मिलर (46) ने 35 गेंदों में 71 रन की साझेदारी करके बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में MI ने पॉवरप्ले के बाद 29/1 का स्कोर बनाया। इसके बाद MI के बल्लेबाजों ने निरंतर विकेट खोए और लक्ष्य से दूर रह गए। MI से नेहल वढेरा ने 21 गेंदों में सर्वाधिक 40 रन बनाए।

गिल 

गिल ने मौजूदा सीजन में लगाया अपना तीसरा अर्धशतक 

पारी की शुरुआत करने आए गिल अच्छी लय में नजर आए। उन्होंने पॉवरप्ले का आखिरी ओवर फेंकने आए कैमरून ग्रीन के खिलाफ लगातार 2 चौके और 1 छक्का लगाकर उम्दा लय के संकेत दिए। बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे गिल ने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 34 गेंदों में 56 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वह कुमार कार्तिकेय की गेंद पर आउट हुए।

मिलर 

मिलर ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए 9,500 रन 

जब GT ने 91 के स्कोर पर अपना तीसरा विकेट खोया था, तब मिलर बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। मिलर ने 22 गेंदों में 4 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। इस बीच उन्होंने अपने टी-20 करियर में 9,500 रन पूरे कर लिए हैं। वह इस आंकड़े को पार करने वाले विश्व के कुल 12वें खिलाड़ी बने हैं।

जानकारी

GT ने बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर 

जब GT ने आज अपने IPL करियर का सर्वोच्च स्कोर (207/6) बनाया है। इससे पहले उनका सबसे बड़ा स्कोर 204/4 था, जो उन्होंने इसी सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ बनाया था।

नूर अहमद 

नूर अहमद ने झटके 3 विकेट 

GT के नूर अहमद ने कैमरून ग्रीन के रूप में अपना पहला विकेट चटकाया। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उनकी गेंद पर बोल्ड हो गए। उसी ओवर के दौरान उन्होंने टिम डेविड को पवेलियन की राह दिखाई। नूर ने अपना तीसरा विकेट सूर्यकुमार यादव के रूप में लिया। उन्होंने अपने 4 ओवरों में 37 रन देते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। उनके हमवतन राशिद खान के खाते में आज 2 विकेट (2/27) आए।

जानकारी

अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंची GT 

इस जीत के बाद GT (+0.580) अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ अपनी चौथी हार झेलने वाली MI सातवें स्थान पर मौजूद है। चेन्नई सुपर किंग्स (+0.662) शीर्ष पर बरकरार है।

पर्पल कैप 

राशिद ने हासिल की पर्पल कैप 

राशिद खान ने 6.80 की इकॉनमी रेट से 27 रन देते हुए 2 विकेट लिए। उन्होंने ईशान किशन और तिलक वर्मा को पवेलियन की राह दिखाई। IPL 2023 में राशिद ने अब तक 7 मैचों में 16.14 की औसत और 8.07 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट ले लिए हैं। वह फिलहाल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह छोड़ा है, जिन्होंने 13-13 विकेट लिए हुए हैं।