Page Loader
IPL 2023: ग्लेन मैक्सवेल ने लगाया अपना 14वां अर्धशतक, जानिए आंकड़े 
ग्लेन मैक्सवेल ने लगाया अपना 14वां अर्धशतक (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: ग्लेन मैक्सवेल ने लगाया अपना 14वां अर्धशतक, जानिए आंकड़े 

Apr 10, 2023
09:36 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के 15वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के ग्लेन मैक्सवेल ने शानदार अर्धशतक (59) लगाया है। यह उनके IPL करियर का 14वां अर्धशतक है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में RCB ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों के बाद 2 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए हैं। इस बीच मैक्सवेल की पारी और उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही मैक्सवेल की पारी 

जब RCB ने 96 के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया था, तब मैक्सवेल बल्लेबाजी के लिए आए थे। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और महज 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 29 गेंदों में 59 रन की पारी खेली। इस बीच उन्होंने 3 चौके और 6 छक्के भी लगाए। वह 20वें ओवर में मार्क वुड की गेंद पर 211 के टीम स्कोर पर बोल्ड हो गए।

IPL करियर 

मैक्सवेल का IPL करियर 

मैक्सवेल ने 2012 में अपना IPL का पहला मैच खेला था। उन्होंने अब तक 113 मैच खेल लिए हैं, जिसमें 25.75 की औसत और 154.91 की स्ट्राइक रेट से 2,395 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 95 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 14 अर्धशतक लगाए हैं। इस बीच उन्होंने रनों के मामले में स्टीव स्मिथ (2,385) को पीछे छोड़ दिया है। वह फिलहाल लीग में 37वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

साझेदारी 

मैक्सवेल ने डु प्लेसिस के साथ की शतकीय साझेदारी 

मैक्सवेल ने कप्तान फाफ डु प्लेससिस के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 50 गेंदों में 115 रन की बड़ी साझेदारी करके टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। इस शतकीय साझेदारी में शामिल होने वाले डु प्लेसिस ने 46 गेंदों में 79 रन की पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा विराट कोहली ने भी अर्धशतकीय पारी खेली। बता दें, कोहली ने 44 गेंदों में 61 रन बनाए थे।

IPL 2023 

इस सीजन में मैक्सवेल ने जड़ा अपना पहला अर्धशतक 

मैक्सवेल की मौजूदा सीजन का यह पहला अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ नाबाद 12 रन बनाए थे। इसके बाद दूसरे मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ वह दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके थे और 5 रन बनाकर आउट हो गए थे। उन्होंने IPL 2023 में अब तक 194.87 की स्ट्राइक रेट से 76 रन अपने नाम कर लिए हैं।