Page Loader
IPL 2023 में दीपक हूडा ने 7.64 की औसत से बनाए सिर्फ 84 रन, जानिए आंकड़े 
बेहद खराब रहा दीपक हूडा के लिए ये सीजन (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023 में दीपक हूडा ने 7.64 की औसत से बनाए सिर्फ 84 रन, जानिए आंकड़े 

May 25, 2023
06:32 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 के एलिमिनेटर मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 81 रन से करारी शिकस्त मिली। एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में जीत के लिए मिले 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए LSG की टीम 101 रन पर ही सिमट गई। उस मैच में दीपक हूडा ने महज 15 रन बनाए। आइए इस सीजन में हूडा के निराश करने वाले आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

IPL 2023 

IPL 2023 में हूडा ने बनाए कुल 84 रन 

हूडा के लिए यह सीजन बेहद खराब बीता। उन्होंने IPL 2023 में 12 मैच खेले, जिसमें 7.64 की शर्मनाक औसत और 93.33 की स्ट्राइक रेट से केवल 84 रन बनाए हैं। इस बीच 18 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा, जो उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ बनाया था। वह इस सीजन में 8 मौकों पर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और सबसे खराब औसत (कम से कम 10 पारियों) वाले बल्लेबाज रहे।

जानकारी

इस सीजन में ऐसे रहे हूडा के स्कोर 

IPL 2023 में हूडा के खराब प्रदर्शन का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि वह एक बार भी 20 रन का आंकड़ा नहीं छू सके। उनके स्कोर क्रमशः 17(18), 2(6), 7(8), 9(10), 2(3), 2(4), 2(2), 11*(6), 1(2), 11(11), 5(7) और 15(13) रन रहे हैं।

रिकॉर्ड्स 

हूडा ने बनाए ये अनचाहे रिकॉर्ड्स 

इस सीजन में कम से कम 12 पारियों में बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों में हूडा के सबसे कम रन हैं। इस सूची में दिनेश कार्तिक (140) उनके बाद दूसरे स्थान पर हैं। IPL का मौजूदा सीजन रनों के मामले में हूडा का तीसरा सबसे खराब सीजन साबित हुआ है। इससे पहले उन्होंने IPL 2019 में 10.66 की औसत से 64 रन और 2017 सीजन में 26.00 की औसत के साथ केवल 78 रन बनाए थे।

आंकड़े 

स्पिन और तेज गेंदबाजों के खिलाफ हूडा का प्रदर्शन 

IPL 2023 में हूडा स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ 5 बार आउट हुए। तेज गेंदबाजों के विरुद्ध भी वह इतने ही मौकों पर आउट हुए। तेज गेंदबाजी के खिलाफ उनकी स्ट्राइक रेट 96.87 की रही, जबकि स्पिनरों के खिलाफ यह और नीचे 91.37 हो गई। हूडा को शुरुआती कुछ मैचों में नंबर 3 पर मौका दिया गया था, लेकिन उन्होंने हर बार टीम को निराश ही किया। इसके बाद मैच फिनिशर की भूमिका में भी वह असफल रहे।

IPL करियर 

अब तक IPL में 107 मैच खेल चुके हैं हूडा 

हूडा ने 2015 में पहली बार IPL में शिरकत की थी। उन्होंने अब तक 107 मैचों में 18.33 की औसत और 128.65 की स्ट्राइक रेट से 1,320 रन बना लिए हैं। इस बीच वह 64 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 7 अर्धशतक लगा चुके हैं। बता दें कि हूडा पिछले साल खेले गए टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने अब तक 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 147.2 की स्ट्राइक रेट से 368 रन बनाए हैं।