
विराट कोहली को क्रिकेट से ब्रेक लेने की जरूरत है- रवि शास्त्री
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में विराट कोहली अब तक अपेक्षाकृत प्रदर्शन नहीं कर सके हैं और बीती रात लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ हुए मैच में बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे।
इस बीच पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री का कहना है कि कोहली को खेल से ब्रेक की जरूरत है। इसके अलावा शास्त्री का कहना है कि बायो-बबल से जुड़ी पाबंदियों के बीच हमें खिलाड़ियों का ख्याल रखना चाहिए।
बयान
कोहली को ब्रेक की जरूरत- शास्त्री
शास्त्री ने सुझाव दिया है कि कोहली पर दबाव नहीं डालना चाहिए और उन्हें आराम दिया जाना चाहिए।
उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, "जब मैं कोच था जब यह पहली बार शुरू हुआ था। मैंने यह कहा था कि आपको लोगों के प्रति सहानुभूति दिखानी होगी। अगर आप खिलाड़ी पर दबाव डालेंगे तो ऐसे में उस खिलाड़ी के हार मानने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के बीच एक पतली रेखा रह जाती है। इसलिए आपको बेहद सावधान रहना होगा।"
बयान
कोहली के पास छह-सात साल का क्रिकेट बचा हुआ है- शास्त्री
IPL 2022 में कमेंट्री कर रहे शास्त्री का मानना है कि कोहली को इंग्लैंड दौरे से पहले या उसके बाद ब्रेक लेना चाहिए।
उन्होंने कहा, "यहां में सीधे मुख्य खिलाड़ी की बात करता हूं। कोहली बुरी तरह पक चुके हैं। उन्हें एक ब्रेक की जरूरत है क्योंकि उनके पास छह से सात साल का क्रिकेट बचा है और आप उन्हें ऐसे नहीं खोना चाहते हैं। आपको समस्या का समाधान पहले ही करना होगा।"
लेखा-जोखा
पिछले कुछ महीने कोहली के लिए रहे हैं चुनौतीपूर्ण
कोहली के लिए पिछले कुछ महीने काफी चुनौतियों भरे रहे हैं। उन्होंने विश्व कप के बाद भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी छोड़ी और फिर उन्हें वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया गया। इसके बाद कोहली ने टेस्ट क्रिकेट की कप्तानी से भी अपने हाथ पीछे खींच लिए थे।
इसके अलावा वह पिछले ढाई सालों से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतक भी नहीं लगा सके हैं और बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं।
IPL 2022
IPL 2022 में कुछ कमाल नहीं कर सके हैं कोहली
कोहली इस सीजन में RCB की कप्तानी भी नहीं कर रहे हैं, ऐसे में उनसे दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी। हालांकि, वह अब तक दबाव में नजर आए हैं।
टीम के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद कोहली का व्यक्तिगत प्रदर्शन खराब रहा है।
IPL 2022 में उन्होंने सात मैचों में 19.83 की औसत से केवल 119 रन बनाए हैं। इस बीच वह कोई अर्धशतक भी नहीं लगा सके हैं।
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
नवंबर 2019 से शतक नहीं लगा सके हैं कोहली
विराट कोहली अब बिना शतक के सभी प्रारूपों में 100 मैच (IPL समेत) खेल चुके हैं। उन्होंने पिछले 17 टेस्ट, 21 वनडे, 25 टी-20 अंतरराष्ट्रीय और 37 IPL मैच खेलने के बावजूद कोई शतक नहीं लगाया है।
कोहली ने नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए डे-नाइट टेस्ट में 136 रनों की पारी खेली थी। यह कोहली का 70वां अंतरराष्ट्रीय शतक था। इसके बाद से वह कोई शतक नहीं लगा सके हैं।