LOADING...
MI बनाम PBKS: मुंबई की लगातार पांचवी हार, मैच में बने ये रिकार्ड्स
ब्रेविस ने खेली 49 रनों की पारी (तस्वीर- Twitter/@IPL)

MI बनाम PBKS: मुंबई की लगातार पांचवी हार, मैच में बने ये रिकार्ड्स

Apr 13, 2022
11:32 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 के 23वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 12 रनों से हराकर अपनी तीसरी जीत दर्ज की है। पंजाब ने पहले खेलते हुए शिखर धवन (70) और मयंक अग्रवाल (52) के अर्धशतकों की मदद से 198/5 का स्कोर बनाया। जवाब में मुंबई डेवाल्ड ब्रेविस की 25 गेंदों में 49 रनों की पारी के बावजूद 186/9 ही बना सकी। मैच में बने रिकार्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोचक मुकाबला

टॉस हारकर पहले खेलते हुए धवन और मयंक की सलामी जोड़ी ने 97 रनों की साझेदारी करके अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। वहीं जितेश शर्मा ने 15 गेंदों में 30 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में मुंबई ने 32 के स्कोर तक रोहित और ईशान के विकेट खो दिए। वहीं तिलक वर्मा (36), डेवाल्ड ब्रेविस (49) और सूर्यकुमार यादव (43) भी जीत नहीं दिला सके।

धवन

मुंबई के खिलाफ सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज बने शिखर धवन

धवन के MI के खिलाफ अब 27 मैचों में 39.59 की औसत से 871 रन हो गए हैं और उन्होंने सुरेश रैना को पीछे छोड़ दिया है। बता दें रैना ने MI के खिलाफ 34 मैचों में 29.42 की औसत और 139.42 की स्ट्राइक रेट से 824 रन बनाए थे। धवन MI के खिलाफ 850 रनों का आंकड़ा छूने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उनका MI के खिलाफ छठा अर्धशतक है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

धवन का यह IPL में 47वां, 50 से अधिक (अर्धशतक-45, शतक-2) रनों का स्कोर है और उन्होंने इस मामले में विराट कोहली (अर्धशतक-42, शतक-5) की बराबरी कर ली है। बता दें IPL में सर्वाधिक 50+ स्कोर डेविड वार्नर (55) के नाम हैं।

उपलब्धि

रोहित ने टी-20 क्रिकेट में पूरे किए 10,000 रन

MI के कप्तान रोहित शर्मा ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 17 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाए और इस बीच टी-20 क्रिकेट में 10,000 रन पूरे कर लिए हैं। रोहित के नाम अब 375 टी-20 मैचों में 10,003 रन हो गए हैं और वह इस आंकड़े तक पहुंचने वाले विश्व के सातवें और भारत के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। बता दें भारत से विराट कोहली (10,379) ये कारनामा कर चुके हैं।

अन्य रिकार्ड्स

मैच में बने अन्य रिकार्ड्स

रोहित शर्मा ने अपने IPL करियर में 500 चौके पूरे कर लिए हैं। मयंक अग्रवाल ने अपने IPL करियर की 100वीं पारी खेली और लीग में अपना 12वां अर्धशतक लगाया। IPL 2022 में मुंबई की खराब शुरुआत रही है और उन्होंने अपने पांचो मैच हार लिए हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई 10वें स्थान पर है। ओडियन स्मिथ ने अपने अब तक के करियर का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन (4/30) किया।

जानकारी

बटलर बने हुए हैं शीर्ष स्कोरर, चहल सर्वाधिक विकेट वाले गेंदबाज

IPL 2022 में सर्वाधिक रन फिलहाल जोस बटलर (218) ने बनाए हैं। उनके बाद इस सूची में शिवम दूबे (207) हैं। गेंदबाजी में सर्वाधिक विकेट युजवेंद्र चहल (11) ने चटकाए हैं। उनके बाद कुलदीप यादव (10), वानिंदू हसरंगा (10) और उमेश यादव (10) हैं।