भारतीय टीम ने बेलफास्ट में अभ्यास सुविधाओं को लेकर जताया असंतोष, जानिए क्या है मामला
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शुक्रवार से शुरू होने वाली 2 मैचों की टी-20 सीरीज से पहले बेलफास्ट में अभ्यास सुविधाओं को लेकर असंतोष जताया है। NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, प्रशिक्षण सत्र में टीम को अभ्यास स्क्रीन न होने से परेशानियां झेलनी पड़ी। हालांकि, लॉजिस्टिक्स मैनेजर और क्रिकेट आयरलैंड के अधिकारियों को सूचित करने के बाद समस्या का समाधान हो गया। बता दें कि सीरीज का पहला मैच शाम 6 बजे शुरू होगा।
समाधान
प्रशिक्षण सत्र के दौरान ही किया गया समस्या का समाधान
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने बताया कि अभ्यास पिचों में से एक पर गेंदबाज के हाथ के पीछे साइटस्क्रीन नहीं थी। इससे बल्लेबाजों को गेंद को ठीक से देखने में परेशानी हो रही थी। हालांकि, क्रिकेट आयरलैंड ने शिकायत के बाद प्रशिक्षण सत्र के दौरान ही इसे ठीक कर दिया। भारतीय टीम 2 टुकड़ों में उत्तरी आयरलैंड पहुंची है। दूसरा दल बुधवार को पहुंचा था। उन्होंने गुरुवार को अपना पहला अभ्यास सत्र किया।
मुकाबले
बेलफास्ट में ही खेले जाएंगे दोनों मुकाबले
बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में ही दोनों मैच खेले जाएंगे। यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल रही है, गेंद बल्ले पर आसानी से आती है। आउटफील्ड के तेज होने से यहां बड़ी संख्या चौके-छक्के देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, तेज गेंदबाजों को नई गेंद से कुछ सहायता मिल सकती है। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे शुरू होगा और सोनी स्पोर्ट्स चैनलों पर लाइव प्रसारित किया जाएगा और सोनीलिव पर भी देखा जा सकेगा।
हेड-टू-हेड
क्या आयरलैंड ने कभी टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत को हराया है?
टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में आयरलैंड के खिलाफ भारतीय टीम का रिकॉर्ड 8-0 से अजेय रहा है। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला टी-20 विश्व कप 2024 में खेला गया था। दोनों टीमों के बीच खेले गए कुल मुकाबलों में से 6 आयरलैंड की धरती पर खेले गए हैं। साल 2007 के बाद पहली बार स्टॉर्मोंट में वापसी करते हुए भारतीय टीम इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपने शानदार प्रदर्शन को बरकरार रखने की कोशिश करेगी।