Page Loader
टी-20 अंतरराष्ट्रीय: पिछले साल की तुलना में इस साल कैसा है सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन?
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरी सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट (174.71) सूर्यकुमार यादव की है। (तस्वीर: ट्विटर/@surya_14kumar)

टी-20 अंतरराष्ट्रीय: पिछले साल की तुलना में इस साल कैसा है सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन?

Sep 28, 2022
11:50 am

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव ने जमकर रन बनाए थे। हैदराबाद में खेले गए तीसरे और निर्णायक टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उन्होंने 36 गेंदों में 69 रन की तूफानी पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने पांच चौके और पांच छक्के जमाए थे। इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सूर्यकुमार ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। आइये जानते हैं सूर्यकुमार के टी-20 अंतरराष्ट्रीय में साल 2021 और 2022 के प्रदर्शन के बारे में।

आंकड़े

टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में ऐसे हैं सूर्यकुमार के आंकड़े

सूर्यकुमार ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 31 मैच खेले हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने 37.04 की औसत और 174.71 की स्ट्राइक रेट से 926 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका उच्चतम स्कोर 117 रनों का रहा है। सूर्यकुमार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक एक शतक और सात अर्धशतक जमा चुके हैं। वे अब तक 83 चौके और 54 छक्के भी जमा चुके हैं। ICC की वर्तमान बल्लेबाजी टी-20 रैंकिंग में सूर्यकुमार तीसरे नंबर पर हैं।

पिछला साल

2021 में ऐसा रहा था सूर्यकुमार का प्रदर्शन

सूर्यकुमार ने पिछले साल मार्च में इंग्लैंड के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। सूर्यकुमार ने उस साल 11 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 34.85 की औसत और 155.41 की स्ट्राइक रेट से 244 रन बनाए थे। 62 रनों के उच्चतम स्कोर के साथ सूर्यकुमार ने 2021 में तीन अर्धशतक जमाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 25 चौके और 12 छक्के निकले थे।

इस साल

2022 में सूर्यकुमार के प्रदर्शन में आया जबरदस्त उछाल

साल 2022 में सूर्यकुमार के प्रदर्शन में जबरदस्त उछाल आया। अब वे मैदान में पहले से कहीं अधिक परिपक्व नजर आ रहे हैं। इस साल उन्होंने 20 मैचों में 37.88 की औसत और 182.84 के शानदार स्ट्राइक रेट से 682 रन ठोक दिए हैं। इस फॉर्मेट में सूर्यकुमार ने इस साल एक शतक (117) और चार अर्धशतक जमाए हैं। 2022 में सूर्यकुमार अब तक 58 चौके और 42 छक्के जमा चुके हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

सूर्यकुमार यादव 2022 में सर्वाधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन (682) बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस सूची में नेपाल के दीपेन्द्र सिंह (626) दूसरे, चैक गणराज्य के सबावून डेविज़ि (612) तीसरे, पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (556) चौथे और वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन (553) पांचवें नंबर पर हैं।

IPL

IPL में ऐसा रहा सूर्यकुमार का प्रदर्शन

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सूर्यकुमार का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। इस साल IPL में सूर्यकुमार ने आठ मैचों में 43.29 की औसत से 303 रन बनाए थे। वहीं पिछले साल उन्होंने 14 मैचों में लगभग 22 की औसत से 317 रन बनाए थे। कुल 123 IPL मैचों में सूर्यकुमार के नाम 30.05 की औसत से 2,644 रन दर्ज हैं। IPL में उनके नाम 16 अर्धशतक हैं। उनके बल्ले से 284 चौके और 84 छक्के भी निकले हैं।