ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे वनडे में भारत को हराया, सीरीज को किया क्लीन स्वीप
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे और आखिरी वनडे मैच में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 83 रन से हराया।
पर्थ के वाका क्रिकेट ग्राउंड में कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298/6 का स्कोर बनाया।
जवाब में स्मृति मंधाना के शतक के बावजूद भारतीय टीम 215 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 3 मैचों की सीरीज को क्लीन स्वीप किया।
आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रही भारतीय टीम
अरुंधति रेड्डी की घातक गेंदबाजी (4/26) के चलते ऑस्ट्रेलिया ने 78 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिए थे।
संकट में फंसी मेजबान टीम को एश्ले गार्डनर (50) और एनाबेल सदरलैंड ने संभाला।
इसके बाद सदरलैंड ने अपना शतक (110) पूरा किया और कप्तान ताहलिया मैकग्राथ (56*) के साथ मिलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में भारत से मंधाना और हरलीन देओल (39) के अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका।
गेंदबाजी
शानदार रही रेड्डी की गेंदबाजी
रेड्डी ने जॉर्जिया वोल (26) के रूप में पहली सफलता हासिल की। उन्होंने उसी ओवर में फोबे लिचफील्ड (25) को आउट करते हुए दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया।
रेड्डी ने इसके बाद एलिस पेरी (4) और बेथ मूनी (10) को अपना शिकार बनाया।
उन्होंने अपने शुरुआती 5 ओवर में ही ये विकेट चटका लिए थे। उन्होंने अपने 10 ओवर में 2.60 की इकॉनमी रेट के साथ 26 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे।
रेड्डी
रेड्डी ने हासिल की ये उपलब्धि
रेड्डी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 या उससे अधिक विकेट लेने वाली भारत की सिर्फ दूसरी महिला गेंदबाज बनी हैं।
उनसे पहले रुमेली धार ने 2012 में अहमदाबाद में हुए मैच में 53 रन देते हुए 4 विकेट चटकाए थे।
रेड्डी अब वाका पर 4 या अधिक विकेट लेने वाली सिर्फ तीसरी भारतीय (पुरुष और महिला दोनों में) बनी हैं।
उनसे पहले रोजर बिन्नी (4/41 बनाम न्यूजीलैंड, 1980) और इरफान पठान (4/24 बनाम जिम्बाब्वे, 2004) ऐसा कर चुके हैं।
मंधाना
एक साल में 4 वनडे शतक लगाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं मंधाना
मंधाना के लिए यह साल शानदार बीता है। वह इस साल अब तक 4 शतक लगा चुकी हैं। इसके साथ ही वह किसी एक साल में वनडे में 4 शतक लगाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं।
उन्होंने 2024 में 10 मैचों की 10 पारियों में 66.55 की औसत और 97.24 की स्ट्राइक रेट के साथ 599 रन बनाए हैं।
वह 4 शतक के अलावा 1 अर्धशतक भी लगा चुकी हैं।
सदरलैंड
सदरलैंड ने अपने वनडे करियर का दूसरा शतक लगाया
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर सदरलैंड ने अपने वनडे करियर का दूसरा शतक लगाया। वह 95 गेंदों पर 110 रन बनाकर आउट हुई। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 4 छक्के लगाए।
अपने अब तक के वनडे करियर में उन्होंने 35 वनडे खेले हैं, जिसमें 39.13 की औसत और 89.07 की स्ट्राइक रेट के साथ 587 रन बनाए हैं।
वह 2 शतकों के अलावा 2 ही अर्धशतक भी लगा चुकी हैं।
जानकारी
गार्डनर ने दिखाया जबरदस्त ऑलराउंड खेल
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर गार्डनर ने 64 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। उन्होंने सदरलैंड के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 96 रन जोड़े। इसके बाद गेंदबाजी में उन्होंने 30 रन देते हुए 5 विकेट चटकाए।