LOADING...
भारत बनाम इंग्लैंड: रोहित शर्मा ने वनडे में अपना 32वां शतक लगाया, बनाए ये रिकॉर्ड्स
रोहित शर्मा ने खेली उम्दा पारी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत बनाम इंग्लैंड: रोहित शर्मा ने वनडे में अपना 32वां शतक लगाया, बनाए ये रिकॉर्ड्स

Feb 09, 2025
08:43 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ जारी सीरीज के दूसरे वनडे में जोरदार शतकीय पारी (119) खेली। यह उनके वनडे करियर का 32वां और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा शतक रहा। अपनी इस शानदार पारी के दौरान उन्होंने शुभमन गिल (60) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 136 रन की बड़ी साझेदारी भी निभाई। आइए रोहित की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही रोहित की पारी 

पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म में चल रहे रोहित कटक में बेहतर लय में नजर आए। उन्होंने पारी के दूसरा ओवर करने आए गस एटकिंसन की चौथी गेंद में चौका और पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ दिया। आक्रामक अंदाज में खेलते हुए उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर दिया। इसके बाद भी उन्होंने तेज रन गति से बल्लेबाजी करते हुए पारी को शतक में तब्दील किया। वह 90 गेंदों में 119 रन बनाकर आउट हुए।

जानकारी

रोहित ने लगाया अपना दूसरा सबसे तेज वनडे शतक 

रोहित ने 76 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह वनडे प्रारूप में उनका दूसरा सबसे तेज शतक रहा। बता दें कि उन्होंने सबसे तेज शतक अफगानिस्तान के खिलाफ (63 गेंदों में) बनाया था।

Advertisement

छक्के 

वनडे क्रिकेट में छक्कों के मामले में गेल से आगे निकले रोहित 

रोहित ने पहला छक्का लगाते ही क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। बता दें कि गेल ने अपने वनडे करियर में 294 पारियों में 331 छक्के लगाए थे। आज शतकीय पारी में 7 छक्के लगाने वाले रोहित ने 259 पारियों में 238 छक्के लगा लिए हैं। वनडे प्रारूप में रोहित अब दूसरे सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उनसे आगे अब सिर्फ पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी हैं, जिन्होंने 369 पारियों में 351 छक्के लगाए थे।

Advertisement

रन 

रनों के मामले में रोहित ने द्रविड़ को पीछे छोड़ा 

अपनी आज की पारी के दौरान रोहित ने रनों के मामले में राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा। बता दें कि राहुल द्रविड़ ने अपने वनडे करियर में 318 पारियों में 39.16 की औसत के साथ 10,889 रन बनाए थे। वनडे प्रारूप में रोहित से ज्यादा रन वाले भारतीय सिर्फ सचिन तेंदुलकर (18,426), विराट कोहली (13,911) और सौरव गांगुली (11,221) हैं। इसके साथ-साथ रोहित अपने वनडे में 11,000 रन बनाने के करीब हैं।

जानकारी

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित ने लगाया 49वां शतक 

रोहित ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का कुल 49वां शतक लगाया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शतकों के मामले में द्रविड़ (48) को पीछे छोड़ा और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर (49) की बराबरी की।

आंकड़े 

बेमिसाल रहा है रोहित का वनडे करियर 

रोहित ने साल 2007 में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था। वह अब तक 267 मैच की 259 पारियों में 49.27 की औसत और 92.70 की स्ट्राइक रेट के साथ 10,987 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 57 अर्धशतक के साथ 32 शतक भी जड़े हैं। वह वनडे क्रिकेट में 3 दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज भी हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 264 रन का रहा है।

Advertisement