Page Loader
इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने पहली पारी में बनाया 471 रन का स्कोर, ये रिकॉर्ड्स बने 
भारतीय टीम ने पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने पहली पारी में बनाया 471 रन का स्कोर, ये रिकॉर्ड्स बने 

Jun 21, 2025
06:35 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी 471 रन पर समाप्त हो गई। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल (101), शुभमन गिल (147) और ऋषभ पंत (134) ने शानदार शतकीय पारी खेली। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने दूसरे दिन बेहतर प्रदर्शन किया। कप्तान बेन स्टोक्स और जोश टंग ने सबसे ज्यादा 4-4 विकेट अपने नाम किए। ऐसे में आइए भारतीय पारी पर एक नजर डाल लेते हैं।

पारी

ऐसी रही भारत की पारी 

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले विकेट के लिए केएल राहुल और यशस्वी ने 91 रन की साझेदारी निभाई। हालांकि, इसके बाद टीम को 2 झटके लगे। पहला टेस्ट खेल रहे साई सुदर्शन खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। भारतीय टीम इन झटकों से दबाव में नहीं गई और 3 खिलाड़ियों ने शानदार शतक जड़े। दूसरे दिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की और 500 रन से पहले ही भारतीय टीम को रोक दिया।

शतक

यशस्वी की पारी पर एक नजर 

यशस्वी ने 144 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। वह 159 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 16 चौके और 1 छक्का निकला। यह उनके टेस्ट करियर का 5वां और इंग्लैंड की धरती पर पहला शतक रहा। इस टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने तीसरा शतक लगाया। कप्तान गिल के साथ उन्होंने 164 गेंदों में 129 रन की साझेदारी निभाई। उन्हें स्टोक्स ने आउट किया।

कप्तान

शुभमन गिल ने खेली कप्तानी पारी 

गिल ने 140 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया। वह 227 गेंदों में 147 रन बनाकर शोएब बशीर की गेंद पर आउट हुए। उनके बल्ले से 19 चौके और 1 छक्का निकला। यह उनके टेस्ट करियर का छठा और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा शतक रहा। गिल ने कप्तान के रूप में अपने डेब्यू टेस्ट में ही शतक जड़ दिया। यह खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके विराट कोहली की जगह नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरा था।

विकेटकीपर

पंत ने खेली शानदार पारी 

पंत ने 178 गेंदों का सामना किया और 134 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 75.28 की रही। उन्हें जोश टंग ने पवेलियन की राह दिखाई। यह उनके टेस्ट करियर का 7वां और इंग्लैंड के खिलाफ चौथा शतक रहा। इंग्लैंड की धरती पर उन्होंने तीसरा शतक लगाया। पंत अब भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक (7) लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी (6 शतक) का रिकॉर्ड तोड़ा।

सलामी बल्लेबाज

यशस्वी ने ये रिकॉर्ड किए अपने नाम 

यशस्वी 24 साल की उम्र से पहले इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 6 बार यह कारनामा किया है। पहले स्थान पर सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 8 बार 50+ का स्कोर बनाया था। यशस्वी पहले विदेशी खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों देशों में अपने पहले टेस्ट के दौरान शतक लगाया है। लीड्स में शतक जड़ने वाले वह एशिया के पहले सलामी बल्लेबाज भी हैं।

सूची

इस खास सूची में शामिल हुए यशस्वी 

यशस्वी ने इस शतकीय पारी के साथ ही एक खास सूची में जगह बना ली है। वह इंग्लैंड में अपनी पहली टेस्ट पारी में शतक जड़ने वाले 5वें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले मुरली विजय (146, 2014), विजय मांजरेकर (133, 1952), सौरव गांगुली (131, 1996) और संदीप पाटिल (129*, 1982) यह कारनामा कर चुके हैं। उन्होंने SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में 500 से ज्यादा रन भी पूरे कर लिए हैं।

इतिहास

गिल ने रचा इतिहास 

गिल टेस्ट कप्तान के रूप में पहली पारी में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह भारत के उन चुनिंदा कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में ही शतक लगाया। उनसे पहले यह कारनामा विजय हजारे (1951, दिल्ली) सुनील गावस्कर (1976, ऑकलैंड) और विराट कोहली (2014, एडिलेड) ने किया था। हेडिंग्ले में मंसूर अली खान पटौदी (1967) और सौरव गांगुली (2002) के बाद टेस्ट शतक लगाने वाले गिल तीसरे भारतीय कप्तान बने हैं।

बल्लेबाजी

पंत ने ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 

पंत एशिया से बाहर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले एशियाई विकेटकीपर बल्लेबाज भी हैं। उनके नाम अब 5 शतक है। इस सूची में पाकिस्तान के मोइन खान और बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम 2-2 शतकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपरों की बात करें तो पंत से ज्यादा शतक सिर्फ एडम गिलक्रिस्ट (17), एंडी फ्लावर (12) और लेस आमेस (8) ने लगाए हैं। पंत इस सूची में अब चौथे स्थान पर हैं।

गेंदबाजी

ऐसी रही इंग्लैंड की गेंदबाजी 

इंग्लैंड के लिए स्टोक्स ने 20 ओवर में 2 मेडन ओवर के साथ 66 रन देकर 4 विकेट लिए। ये उनके टेस्ट करियर का 9वां 4 विकेट हॉल रहा। उन्होंने अब तक 112 मैच की 163 पारियों में 31.86 की औसत से 217 विकेट लिए हैं। भारत के खिलाफ उन्होंने 22 टेस्ट में 44 विकेट झटके हैं। टंग ने 20 ओवर में 86 रन देकर 4 विकेट लिए। ये उनके टेस्ट करियर का पहला 4 विकेट हॉल रहा।