
भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में इंग्लैंड की भी ठोस शुरुआत, ऐसा रहा दूसरा दिन
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का दूसरा दिन खत्म हो गया है। भारत के 471 रन के जवाब में इंग्लैंड ने 3 विकेट खोकर 209 रन बना लिए हैं। अभी भी टीम 262 रन से पीछे है। ओली पोप (100*) और हैरी ब्रूक (0*) क्रीज पर मौजूद हैं। भारतीय टीम दूसरे दिन अपनी पारी में 112 रन ही जोड़ पाई। आइए दूसरे दिन के खेल पर नजर डालते हैं।
खेल
दूसरे दिन के खेल का लेखा-जोखा
दूसरे दिन भारत के लिए ऋषभ पंत ने शतकीय पारी (134) खेली। उनके अलावा शुभमन गिल 147 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के अलावा और कोई भी बल्लेबाज भारत के लिए दूसरे दिन अपनी छाप नहीं छोड़ पाया। इंग्लैंड के लिए बेन स्टोक्स और जोश टंग ने 4-4 विकेट लिए। इंग्लैंड को पहला झटका 4 रन पर लगा, लेकिन इसके बाद बेन डकेट (62) और पोप (100*) ने पारी संभाल ली। इंग्लैंड के तीनों विकेट जसप्रीत बुमराह ने लिए।
पारी
पंत की पारी पर एक नजर
पंत ने 178 गेंदों का सामना किया और 134 रन बनाए। उनके बल्ले से 12 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 75.28 की रही। उन्हें जोश टंग ने पवेलियन की राह दिखाई। यह उनके टेस्ट करियर का 7वां और इंग्लैंड के खिलाफ चौथा शतक रहा। इंग्लैंड की धरती पर उन्होंने तीसरा शतक लगाया। पंत अब भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक (7) लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी (6 शतक) का रिकॉर्ड तोड़ा।
आउट
गिल 147 रन बनाकर दूसरे दिन हुए आउट
गिल ने पहले दिन 140 गेंदों का सामना करते हुए अपना शतक पूरा किया था। दूसरे दिन वह 227 गेंदों में 147 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 19 चौके और 1 छक्का निकला। यह उनके टेस्ट करियर का छठा और इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा शतक रहा। गिल ने कप्तान के रूप में अपने डेब्यू टेस्ट में ही शतक जड़ दिया। यह खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके विराट कोहली की जगह नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने उतरा था।
रिकॉर्ड
पंत ने हासिल की ये उपलब्धि
पंत एशिया से बाहर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले एशियाई विकेटकीपर बल्लेबाज भी हैं। उनके नाम अब 5 शतक है। इस सूची में पाकिस्तान के मोइन खान और बांग्लादेश के मुशफिकुर रहीम 2-2 शतकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। टेस्ट क्रिकेट में विकेटकीपरों की बात करें तो पंत से ज्यादा शतक सिर्फ एडम गिलक्रिस्ट (17), एंडी फ्लावर (12) और लेस आमेस (8) ने लगाए हैं। पंत इस सूची में अब चौथे स्थान पर हैं।
विकेट
इंग्लैंड के लिए स्टोक्स और टंग ने लिए 4-4 विकेट
इंग्लैंड के लिए स्टोक्स ने 20 ओवर में 2 मेडन ओवर के साथ 66 रन देकर 4 विकेट लिए। ये उनके टेस्ट करियर का 9वां 4 विकेट हॉल रहा। उन्होंने अब तक 112 मैच की 163 पारियों में 31.86 की औसत से 217 विकेट लिए हैं। भारत के खिलाफ उन्होंने 22 टेस्ट में 44 विकेट झटके हैं। टंग ने 20 ओवर में 86 रन देकर 4 विकेट लिए। ये उनके टेस्ट करियर का पहला 4 विकेट हॉल रहा।
अर्धशतक
डकेट ने भारत के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक
डकेट 94 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए। यह उनके टेस्ट करियर का 14वां और भारत के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा। उनकी इस पारी की बदौलत मेजबान इंग्लैंड टीम शुरुआती झटके से उबरने में सफल रही। इस खिलाड़ी ने अब तक 34 टेस्ट मैचों की 62 पारियों में 41.09 की औसत और 86.10 की स्ट्राइक रेट से 2,472 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 5 शतक भी निकले हैं।
गेंदबाजी
बुमराह ने ये बड़ा रिकॉर्ड बनाया
इंग्लैंड की पारी में 3 विकेट चटका चुके हैं। इस दौरान दूसरा विकेट लेते ही वह SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) पर सर्वाधिक टेस्ट विकेट चटकाने वाले एशियाई गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम को पीछे छोड़ दिया है। बुमराह के अब SENA देशों में 148 विकेट हो गए हैं। उन्होंने अकरम को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 55 पारियों में 146 विकेट चटकाए थे।
शतक
पोप की पारी पर एक नजर
पोप नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए और 125 गेंदों का सामना करते हुए शतक जड़ दिया। ये उनके टेस्ट करियर का 9वां और भारत के खिलाफ दूसरा शतक रहा। इंग्लैंड की धरती पर उनके बल्ले से निकला यह छठा शतक है। उन्होंने डकेट के साथ तीसरे विकेट के लिए 166 गेंदों में 122 रन जोड़े। जो रूट के साथ उन्होंने 111 गेंदों में 80 रन की साझेदारी निभाई। उनके बल्ले से 13 चौके निकले।