अंडर-19 टी-20 विश्व कप 2025: सर्वाधिक रन, सर्वाधिक विकेट और अन्य प्रमुख रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
महिलाओं के अंडर-19 टी-20 विश्व कप 2025 के फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम को 9 विकेट से हराया।
फाइनल मुकाबले में प्रोटियाज टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 82 रन बनाए।
जवाब में भारतीय टीम ने लक्ष्य हासिल किया। यह भारतीय टीम का लगातार दूसरा खिताब रहा।
आइए इस संस्करण में बने प्रमुख रिकॉर्ड्स और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
भारतीय गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बीच दक्षिण अफ्रीका ने 44 रन के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए।
इसके बाद भी प्रोटियाज टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा और 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
भारत से गोंगाडी त्रिशा ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए।
जवाब में जीत के लिए मिले 83 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 11.2 ओवर में हासिल किया। भारत से त्रिशा (44*) और सानिका चालके (26*) ने उपयोगी पारी खेली।
रन
'प्लेयर ऑफ द सीरीज' भी चुनी गई गोंगाडी त्रिशा
त्रिशा ने इस संस्करण में 7 पारियों में 77.25 की औसत और 147.14 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 309 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल रहा।
वह इस बार शतक लगाने वाली इकलौती बल्लेबाज रही।
वह इस टूर्नामेंट में 300 से अधिक रन बनाने वाली भी इकलौती बल्लेबाज रही। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उंन्होने 4 पारियों में 6.42 की औसत के साथ 7 विकेट चटकाए।
इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया।
आंकड़े
सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज रही भारत की जी कमलिनी
भारत की ओर से जी कमलिनी ने 7 पारियों में 35.75 की औसत के साथ 143 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 56* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगाए। वह इस संस्करण में एक से अधिक अर्धशतक लगाने वाली इकलौती बल्लेबाज रही।
त्रिशा ने सबसे ज्यादा 45 चौके लगाए।
इंग्लैंड की डेविना पेरिन ने सबसे ज्यादा 7 छक्के लगाए। इंग्लिश बल्लेबाज पेरिन ने 5 पारियों में 35.20 की औसत से 176 रन बनाए।
विकेट
भारत की वैष्णवी शर्मा ने लिए सर्वाधिक विकेट
भारत की बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज रही।
उन्होंने 6 पारियों में 4.35 की औसत और 3.36 की इकॉनमी रेट के साथ सर्वाधिक 17 विकेट लिए।
उनकी साथी गेंदबाज आयुषी शुक्ला ने 7 मैचों में 5.71 की औसत के साथ 16 सफलताएं हासिल की।
दक्षिण अफ्रीका की कायला रेनेके ने 11 विकेट और भारत की परुणिका सिसोदिया ने 10 विकेट अपने नाम किए।
इतिहास
हैट्रिक लेने वाली पहली भारतीय महिला गेंदबाज बनीं वैष्णवी
वैष्णवी ने मलेशिया के खिलाफ मुकाबले में हैट्रिक लेने का कारनामा किया था।
वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में हैट्रिक लेने वाली भारत की पहली महिला गेंदबाज बनीं थी।
उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में 1.25 की इकॉनमी रेट से 5 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे। इस बीच उन्होंने एक ओवर मेडन भी किया था।
भारत ने वो मुकाबला 10 विकेट से अपने नाम किया था।
जानकारी
इन गेंदबाजों ने लिए 5 विकेट हॉल
महिलाओं के अंडर-19 टी-20 विश्व कप 2025 में 3 गेंदबाजों ने 5 विकेट हॉल लिए। भारत की वैष्णवी के अलावा स्कॉटलैंड की मैसी मैसीरा और अमेरिका की ऋतू सिंह ने भी एक-एक मैच में 5 विकेट हॉल लिए।