
हैरी ब्रूक ने पिछली छह टेस्ट पारियों में बनाए 3 शतक और 2 अर्धशतक, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बे ओवल में खेले जा रहे पिंक बॉल टेस्ट में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बल्लेबाज हैरी ब्रूक (89) ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली है। अपना पांचवा टेस्ट खेल रहे ब्रूक का यह दूसरा अर्धशतक रहा है।
दिलचस्प यह है कि उन्होंने अपनी पिछली छह टेस्ट पारियों में से पांच में 50 रन से अधिक के स्कोर किए हैं।
इस बीच उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शतक से चूक गए ब्रूक
ब्रूक अपने टेस्ट करियर के चौथे शतक से चूक गए। उन्होंने 81 गेंदों में 15 चौकों और एक छक्के की मदद से 89 रन की पारी खेली। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे ब्रूक नील वैगनर की गेंद पर बोल्ड हो गए।
उनके अब तक पांच मैचों में 81.29 की शानदार औसत से 569 रन हो गए हैं। उन्होंने टेस्ट प्रारूप में ये रन लगभग 95 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं।
आंकड़े
पिछली छह पारियों में ब्रूक ने 93 की औसत से बनाए रन
23 वर्षीय ब्रूक की पिछली छह पारियों की बात करें तो उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट में 153 और 87 की पारी खेली थी।
इसके बाद उन्होंने मुल्तान टेस्ट में 9 और 108 के स्कोर किए थे। कराची में उन्होंने इकलौती पारी में 111 रन बनाए थे।
पाकिस्तान दौरे के बाद आज उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ फिर से 89 रन की बड़ी पारी खेली। उन्होंने अपनी पिछली छह पारियों में 92.83 की औसत से 557 रन बनाए हैं।
डे-नाइट टेस्ट
डे-नाइट टेस्ट में तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर
ब्रूक का आज का स्कोर (89) डे-नाइट टेस्ट में इंग्लैंड के लिए तीसरा सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर बन गया है।
पूर्व महान बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक ने 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 243 रन बनाए थे, जो पिंक बॉल टेस्ट में किसी इंग्लिश बल्लेबाज द्वारा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है।
उसी मैच में पूर्व इंग्लिश कप्तान जो रूट ने 136 रन की पारी खेली थी और वह इंग्लैंड की ओर से दूसरा सबसे बड़ा स्कोर रहा।
लेखा-जोखा
न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत
पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी 325/9 के स्कोर पर घोषित कर दी है और पहले दिन के खेल की समाप्ति तक न्यूजीलैंड ने 37 के स्कोर तक अपने 3 विकेट खो दिए हैं। कीवी टीम पहली पारी के आधार पर फिलहाल 288 रन से पीछे हैं।
न्यूजीलैंड से टॉम लैथम (1), केन विलियमसन (6) और हेनरी निकोलस (4) दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इंग्लैंड से जेम्स एंडरसन ने सर्वाधिक 2 विकेट लिए हैं।