जनवरी 2021 से टेस्ट क्रिकेट में कैसा रहा है जो रूट का प्रदर्शन?

ब्रिजटाउन के केंसिंग्टन ओवल में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने शानदार शतक लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का कुल 25वां शतक है। पहली पारी में रूट ने 316 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 153 रन बनाए। वह पिछले साल की शुरुआत से अब तक सर्वाधिक टेस्ट रन वाले बल्लेबाज हैं। आइये, जनवरी 2021 से उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
रूट ने 2021 की शुरुआत से अब तक टेस्ट में आठ शतक जड़े हैं। वह इस अवधि में 2,000 से अधिक टेस्ट रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी बन गए हैं। भारत के ऋषभ पंत 1,077 टेस्ट रन के साथ रूट के बाद दूसरे सर्वाधिक रन वाले खिलाड़ी हैं। रूट ने बतौर कप्तान अपना 14वां शतक लगाया है। पहले टेस्ट में उन्होंने एलिस्टेयर कुक को पीछे छोड़ दिया था, जिन्होंने कप्तान रहते हुए 12 शतक लगाए थे।
1 जनवरी, 2021 से रूट ने 19 टेस्ट में 57.25 की अविश्वसनीय औसत से 2,061 रन बनाए हैं। वह दूसरे स्थान पर काबिज पंत (1,077) से 984 रन आगे हैं। इस सूची में पंत के बाद श्रीलंका के दिमुथ करुणारत्ने (1,068) और भारत के रोहित शर्मा (996) हैं। इस अवधि में रूट ने सबसे ज्यादा आठ शतक लगाए हैं। करुणारत्ने पांच शतक लगाकर इस दौरान दूसरे सर्वाधिक शतक वाले बल्लेबाज हैं।
रूट 2021 में 1,000 से अधिक टेस्ट रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी थे। उन्होंने बीते साल 15 टेस्ट में 61.00 की औसत से 1,708 रन बनाकर साल का अंत किया था। मोहम्मद यूसुफ (1,788) और विवियन रिचर्ड्स (1,710) के बाद रूट, एक कैलेंडर वर्ष में तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। वह एक कैलेंडर वर्ष (टेस्ट) में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे अधिक शतक (6) लगाने वाले खिलाड़ी भी हैं।
रूट के नाम एक कैलेंडर वर्ष (2021 में छह) में इंग्लैंड के कप्तान द्वारा सर्वाधिक टेस्ट शतक लगाने का रिकॉर्ड है। दिलचस्प यह है कि ग्राहम गूच (1990), माइकल एथरटन (1994) और एंड्रयू स्ट्रॉस (2009) ने इंग्लैंड की अगुवाई करते हुए चार-चार शतक लगाए।
रूट ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के पहले मैच में अपना 24वां टेस्ट शतक जड़ा। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के एक कप्तान द्वारा शतकों के मामले में एलिस्टेयर कुक को पीछे छोड़ दिया था। उन्होंने 13वां टेस्ट शतक (बतौर कप्तान) लगाया था। कुल मिलाकर रूट के नाम कुक (33) के बाद इंग्लैंड के लिए दूसरे सबसे अधिक टेस्ट शतक हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उन्होंने अपना 25वां टेस्ट शतक लगाया।
इस साल की शुरुआत में रूट टेस्ट क्रिकेट में कप्तान के रूप में 5,000 रन बनाने वाले इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी बने। उन्होंने कुक के लंबे समय से चले आ रहे रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्होंने इंग्लैंड का नेतृत्व करते हुए 4,844 रन बनाए थे।
रूट टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले विश्व के 14वें और इंग्लैंड के दूसरे क्रिकेटर बनने वाले हैं। ऐसा करने वाले वह पहले सक्रिय क्रिकेटर होंगे। रूट इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले इंग्लैंड के सबसे तेज खिलाड़ी बन सकते हैं। बता दें कुक ने अपनी 229वीं पारी में 10,000 रनों का आंकड़ा छूआ था। इस बीच रूट ने अब तक टेस्ट प्रारूप की 214 पारियों में 9,884 रन बना लिए हैं।