Page Loader
IPL 2023: RCB के लिए बुरी खबर, रजत पाटीदार समेत इन खिलाड़ियों का खेलना मुश्किल
रजत पाटीदार ने पिछले सीजन शानदार प्रदर्शन किया था (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: RCB के लिए बुरी खबर, रजत पाटीदार समेत इन खिलाड़ियों का खेलना मुश्किल

Mar 26, 2023
10:43 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगाज 31 मार्च से होने जा रहा है। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) को बड़ा झटका लगा है। टीम के धाकड़ बल्लेबाज रजत पाटीदार चोट के कारण लीग के आधे से ज्यादा मुकाबलों से बाहर हो सकते हैं। इससे पहले विल जैक्स भी IPL से बाहर हो गए थे और जोश हेजलवुड के खेलने पर भी संदेह है। भारत के खिलाफ वनडे और टेस्ट सीरीज में वह एक भी मैच नहीं खेल पाए थे।

चोटिल

पाटीदार क्यों नहीं खेलेंगे IPL के मुकाबले?

ईएसपीएन क्रिकइंफो के मुताबिक पाटीदार के एड़ी में चोट है। इसके कारण वह IPL के पहले हाफ में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। वह अभी टीम के साथ नहीं जुड़े हैं और नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में हैं। उन्हें लगभग 3 सप्ताह आराम करने को कहा गया है। पिछले सीजन पाटीदार ने शानदार प्रदर्शन किया था और 12 मुकाबलों में 40.40 की औसत से 404 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए थे।

खिलाड़ी

विल जैक्स क्यों हुए IPL से बाहर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के विस्फोटक बल्लेबाज जैक्स चोट के कारण IPL के पूरे सीजन से बाहर हो गए थे। बैंगलोर ने उन्हें 3.2 करोड़ रुपये में टीम के साथ जोड़ा था। उन्हें चोटिल ग्लेन मैक्सवेल के विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया गया था। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान फील्डिंग के दौरान जैक्स की मांसपेशियों में खिंचाव आ गई थी। जैक्स ने IPL का अभी तक एक भी मैच नहीं खेला है।

मौका

जैक्स की जगह बैंगलोर ने इस खिलाड़ी को दिया है मौका 

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी माइकल ब्रेसवेल जैक्स की जगह लेंगे। वह पहली बार IPL में खेलते हुए नजर आएंगे। वह पिछले साल नीलामी में उतरे थे, लेकिन उन्हें किसी भी फ्रेंचाइजी ने अपने साथ नहीं जोड़ा था। बैंगलोर इस सीजन अपना पहला मैच 2 अप्रैल को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ खेलेगी। टी-20 क्रिकेट में ब्रेसवेल 16 मैच में 139.51 की स्ट्राइक रेट से 113 रन बनाए हैं। इसके साथ उन्होंने 21 विकेट भी झटके हैं।

तेज गेंदबाज

हेजलवुड के खेलने पर भी संदेह

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोट के कारण भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज में एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे। वह टेस्ट टीम के साथ भारत आए थे, लेकिन फिर वापस लौट गए थे। हालांकि, कुछ दिन पहले उन्होंने खुद ही IPL खेलने की पुष्टि की थी। वह कितने फिट हैं और IPL के कितने मुकाबलों में खेलते नजर आएंगे। इसको लेकर कोई जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

प्रदर्शन

IPL में कैसा रहा है हेजलवुड का प्रदर्शन?

हेजलवुड ने अब तक IPL में 24 मैच खेले हैं और 32 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका औसत 22.94 का रहा है। उन्होंने 8.02 की इकॉनमी से गेंदबाजी की है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/25 का रहा है। 2022 के IPL सीजन में उन्होंने 12 मैच खेले थे और 18.85 की औसत से 20 विकेट झटके थे। उनका इकॉनमी 8.11 का था। उनके खिलाफ बल्लेबाजों ने 377 रन बनाए थे।