डार्विन टेस्ट: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश ने बनाई मजबूत बढ़त, ऐसा रहा दूसरा दिन
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ डार्विन टेस्ट में बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में स्टंप्स तक 351/6 का स्कोर बनाया। बांग्लादेश की पारी में तंजीद हसन तमीम ने शतक (101) लगाया, जबकि कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 84 रन बनाए। दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक क्रीज पर फिलहाल मेहदी हसन मिराज (32) और हसन महमूद (13) बने हुए हैं। बांग्लादेश ने अब तक पहली पारी के आधार पर 153 रन की बढ़त हासिल की है।
बांग्लादेश
बांग्लादेशी बल्लेबाजों ने किया कमाल का प्रदर्शन
कल के स्कोर 96/1 से आगे खेलते हुए बांग्लादेश को मोमिनुल हक के रूप में झटका लगा। वह 49 रन बनाकर 138 रन के स्कोर पर आउट हुए।
इसके बाद कप्तान शांतो और तंजीद ने मिलकर शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को बढ़त दिलाई।
मजबूत स्थिति में बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम 36 रन बनाकर आउट हुए।
मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए आए लिटन दास अपना खाता भी नहीं खोल सके।
शतक
तंजीद हसन तमीम ऑस्ट्रेलिया में शतक जड़ने वाले पहले बांग्लादेशी बने
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 198 रन बनाए थे।
जवाब में तंजीद ने सलामी जोड़ीदार शादमान इस्लाम (20) के साथ पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े।
उन्होंने मोमिनुल (49) के साथ मिलकर 102 रन की साझेदारी की।
उन्होंने दूसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान उन्होंने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
वह 197 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हुए। वह ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक लगाने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बने।
गेंदबाजी
स्टार्क और हेजलवुड ने लिए 2-2 विकेट
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने अपने 20 ओवर में 68 रन देते हुए 2 विकेट लिए।
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने 21 ओवर में 68 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस सिर्फ एक विकेट ही ले सके। उन्होंने अपने 20 ओवर में 50 रन दिए।
अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन के हिस्से में एक विकेट आया। उन्होंने 25 ओवर में 92 रन खर्च किए।
कैमरून ग्रीन कोई विकेट नहीं ले सके।
स्टार्क
स्टार्क ने विकेटों के मामले में कपिल देव को पीछे छोड़ा
दूसरे दिन स्टार्क ने लिटन दास को आउट कर अपना 435वां टेस्ट विकेट हासिल किया।
इसके साथ ही उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव के 434 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
वह टेस्ट में फिलहाल 11वें सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने।
अब स्टार्क की नजर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज डेल स्टेन के रिकॉर्ड पर होगी।
बता दें कि स्टेन ने 93 टेस्ट मैचों में 439 विकेट हासिल किए थे।