Page Loader
एशियाई खेल: शूटिंग में पदकों की बौछार, पलक ने स्वर्ण और ईशा ने जीता रजत पदक
पलक ने जीता स्वर्ण पदक (तस्वीर: एक्स/@Media_SAI)

एशियाई खेल: शूटिंग में पदकों की बौछार, पलक ने स्वर्ण और ईशा ने जीता रजत पदक

Sep 29, 2023
10:56 am

क्या है खबर?

चीन के हांगझोउ में खेले जा रहे 19वें एशियाई खेल के छठे दिन भारत को अब तक शूटिंग में 2 स्वर्ण और 2 रजत पदक मिल चुके हैं। भारतीय निशानेबाज पलक और ईशा सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत फाइनल में स्वर्ण और रजत पदक जीते। 17 वर्षीय पलक ने 242.1 स्कोर के साथ एशियाई खेलों का रिकॉर्ड तोड़ा, जबकि 18 वर्षीय ईशा सिंह ने 239.7 स्कोर किया। पाकिस्तान की किश्माला (218.2 स्कोर) को कांस्य पदक मिला।

प्रदर्शन

निशानेबाजी में जीते 17 पदक

भारतीय निशानेबाजों ने अब हांगझू में 17 पदक जीत लिए हैं, जो 2006 में दोहा में हुए एशियाई खेलों के 14 पदकों से आगे निकल गए हैं। इससे पहले आज पलक, ईशा और दिव्या ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता था। साथ ही शूटिंग में ऐश्वर्य प्रताप सिंह, अखिल श्योराण और स्वप्निल सुरेश कुसाले की तिकड़ी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था।

जानकारी

अब तक जीते 30 पदक

एशियाई खेलों में भारत के 30 पदक हो गए हैं। इनमें 8 स्वर्ण, 11 रजत, 11 कांस्य शामिल हैं। छठे दिन भारत अब तक 5 पदक जीत चुका है। इनमें से 4 शूटिंग (2 स्वर्ण, 2 रजत) और 1 रजत पदक टेनिस में मिला है।

ट्विटर पोस्ट

पलक ने जीता स्वर्ण