Page Loader
अजिंक्य रहाणे ने IPL में पूरे किए अपने 4,500 रन, जानिए उनके आंकड़े
अजिंक्य रहाणे ने IPL में पूरे किए 4,500 रन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

अजिंक्य रहाणे ने IPL में पूरे किए अपने 4,500 रन, जानिए उनके आंकड़े

Apr 05, 2024
08:28 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 18वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) की टीमें आमने-सामने है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी CSK की ओर से अजिंक्य रहाणे ने अपनी पारी के दौरान बड़ी उपलब्धि हासिल की। पारी का 16वां रन बनाते ही उनके IPL करियर में 4,500 रन पूरे हो गए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले 11वें खिलाड़ी बने हैं। आइए उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।

रिकॉर्ड

विराट कोहली के नाम है IPL में सर्वाधिक रन का रिकॉर्ड

IPL में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड रॉयल चैंलेजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज विराट कोहली के नाम दर्ज है, उन्होंने 241 मैचों में 7,466 रन बना रखे हैं। इस सूची में शिखर धवन (6,755) दूसरे, डेविड वार्नर (6,645) तीसरे, रोहित शर्मा (6,280) चौथे और सुरेश रैना (5,528) 5वें पायदान पर हैं। रहाणे दुनिया की इस सबसे महंगी लीग में 4,500 रन पूरे करने वाले कुल 11वें और 8वें भारतीय बल्लेबाज बने हैं।

सफलता

रहाणे के लिए शानदार रहा था पिछला सीजन

रहाणे के IPL करियर में साल 2023 का सीजन एक नई शुरुआत जैसा रहा था। उस सीजन में उन्होंने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए अपना नया रूप दुनिया के सामने रखा था। अनुभवी खिलाड़ी ने उस सीजन में अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 27 गेंदों में 61 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलकर सबको चौंका दिया था। उन्होंने 172.48 की आश्चर्यजनक स्ट्राइक रेट से 326 रनों के साथ सीजन समाप्त किया था।

करियर

कैसा रहा है रहाणे का IPL करियर?

रहाणे ने साल 2008 में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 176 मैच में 30.92 की औसत और 123.66 की स्ट्राइक रेट से 4,500 से अधिक रन बना चुके हैं। उन्होंने 2 शतक के अलावा 30 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 105 रन का ही रहा है। उन्होंने पिछले मैच में ही IPL में अपने 100 छक्के पूरे किए थे। वह वह लीग में 460 चौके भी जड़ चुके हैं।