अभिषेक शर्मा ने आयरलैंड के खिलाफ हार दी प्रतिक्रिया, कहा- परिस्थितियों के अनुरूप नहीं ढल पाए
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में मिली हार के बाद प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्वीकार किया है कि भारतीय टीम आयरलैंड की परिस्थितियों के अनुरूप ढलने में नाकाम रही है। मुकाबले में अभिषेक ने 20 गेंदों में 50 रन बनाए, लेकिन भारत को 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस हार से श्रेयस अय्यर की कप्तानी की भी निराशाजनक शुरुआत हुई है।
विचार
अभिषेक ने भारत की हार पर खुलकर की बात
अभिषेक ने परिस्थितियों के अनुरूप शीघ्रता से ढलने के महत्व पर जोर दिया, खासकर तब जब टीमों को मैचों के बीच कम समय मिलता है। मैच के बाद उन्होंने कहा, "टीम के तौर पर हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम कितनी जल्दी परिस्थितियों के अनुकूल ढल जाते हैं। एक मजबूत टीम होने के नाते हमें जल्दी से तालमेल बिठाने में सक्षम होना चाहिए था, लेकिन दुर्भाग्य से इस मामले में ऐसा नहीं हो पाया।"
मुकाबला
आयरलैंड ने किस तरह दर्ज की जीत?
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। आयरलैंड के लिए कप्तान लोर्कन टकर ने शानदार अर्धशतकीय पारी (50) खेली। वहीं, गैरेथ डेलानी ने 32 गेंदों में 49 रन बनाए। आयरलैंड ने 20 ओवर में 182/9 का स्कोर बनाया। हर्षित राणा ने 3 विकेट लिए। जवाब में अभिषेक (50) को छोड़कर और कोई भी भारतीय बल्लेबाज अच्छा नहीं कर पाया। टीम 20 ओवर में 148 रन ही बना पाई। मैथ्यू होलार्ड ने 3 विकेट चटकाए।