Page Loader
IPL के कुछ बड़े रिकॉर्ड्स, जो शायद ही कभी टूटेंगे
22 मार्च से शुरू होगा IPL 2024 (तस्वीर:एक्स/@IPL)

IPL के कुछ बड़े रिकॉर्ड्स, जो शायद ही कभी टूटेंगे

Mar 16, 2024
11:20 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 17वें संस्करण की शुरुआत में अब कुछ दिनों का ही समय बाकी है। आगामी सीजन का पहला चरण 22 मार्च से 7 अप्रैल तक खेला जाएगा। IPL 2024 में भी गेंद और बल्ले के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिलेगा। हर बार की तरह इस बार भी नए कीर्तिमान बनेंगे और कुछ रिकॉर्ड्स दांव पर होंगे। इस बीच लीग के कुछ ऐसे रिकॉर्ड्स के बारे में जानते हैं, जिनका टूटना बेहद मुश्किल है।

गेल 

क्रिस गेल के नाम दर्ज है सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 

IPL में क्रिस गेल की बड़ी शतकीय पारी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर इस धाकड़ बल्लेबाज ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से खेलते हुए 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ नाबाद 175 रन की पारी खेली थी। उन्होंने इस बड़ी पारी को खेलने के लिए सिर्फ 66 गेंदों का सहारा लिया था। IPL में उनके बाद दूसरे सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर ब्रेंडन मैकुलम (158*) के नाम पर है।

कोहली 

एक सीजन में कोहली ने बनाए हैं सर्वाधिक 973 रन

विराट कोहली ने IPL 2016 में अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए 973 रन बनाए थे। ये रन कोहली ने 16 मैचों में 81 की जबरदस्त औसत से अपने नाम किए थे। उनके अलावा किसी बल्लेबाज ने IPL के एक सीजन में 900 रन के आंकड़े को पार नहीं किया है। इस मामले में कोहली के सबसे करीब शुभमन गिल रहे हैं, जिन्होंने पिछले सीजन में 59.33 की औसत से 890 रन बनाए थे।

मिश्रा

IPL में 3 हैट्रिक वाले इकलौते गेंदबाज हैं मिश्रा 

अमित मिश्रा IPL इतिहास में 3 हैट्रिक लेने वाले इकलौते गेंदबाज हैं। उनकी पहली हैट्रिक 2008 के उद्घाटन संस्करण में डेक्कन चार्जर्स (5/17) के खिलाफ आई थी। इसके बाद उन्होंने अपनी दूसरी हैट्रिक 2011 में पंजाब किंग्स (तब की किंग्स इलेवेन पंजाब) के खिलाफ ली थी। उस मैच में उन्होंने 9 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे। उन्होंने तीसरी बार 2013 में पुणे वारियर्स के विरुद्ध (4/19) हैट्रिक ली थी। उनके बाद युवराज सिंह ने 2 हैट्रिक ली हैं।

कोहली

लगातार 14 सीजन में 300 से अधिक रन 

IPL 2023 में कोहली ने 53.25 की औसत और 139.82 की स्ट्राइक रेट के साथ 639 रन बनाए थे। वह अब लगातार 14 सीजन में 300 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। 2010 के बाद से उनके सीजन के स्कोर क्रमशः 307, 557, 364, 634, 359, 505, 973, 308, 530, 464, 466, 405, 341 और 639 रन बनाए हैं। वह आगामी सीजन में भी इसी क्रम को बरकरार रखने का प्रयास करेंगे।

जानकारी

RCB का सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड 

RCB के नाम पर IPL में सर्वोच्च और न्यूनतम दोनों स्कोर का रिकॉर्ड दर्ज है। 2013 में RCB ने गेल के शतक (175*) की बदौलत पुणे के खिलाफ 263/5 का स्कोर बनाया था। RCB 2017 में KKR के खिलाफ 49 रन पर सिमटी थी।

अन्य रिकॉर्ड्स

कुछ अन्य रिकॉर्ड्स जिनका टूट पाना है बेहद मुश्किल 

IPL 2014 का खिताब गौतम गंभीर की कप्तानी में KKR ने जीता था। उस सीजन में KKR ने लगातार 10 मैच जीते थे, जो कि रिकॉर्ड है। अल्जारी जोसेफ के नाम पर किसी एक मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड है। उन्होंने 2019 में SRH के खिलाफ 12 रन देते हुए 6 विकेट लिए थे। गेल का एक IPL मैच (पुणे वारियर्स के खिलाफ) में 17 छक्कों का रिकॉर्ड टूटने की संभावना नहीं है।

जानकारी

धोनी खेल चुके हैं 10 IPL फाइनल 

महेंद्र सिंह धोनी के नाम सर्वाधिक फाइनल खेलने का रिकॉर्ड दर्ज है। उद्घाटन संस्करण के बाद से इस अनुभवी क्रिकेटर ने 10 बार (2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2015, 2017, 2018, 2019 और 2021) फाइनल खेले हैं, जिसमें से 5 में जीत दर्ज की है।