LOADING...
स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान से आने वाली रहस्यमयी आवाज के स्त्रोत का नासा ने लगाया पता
नासा ने लगाया स्टारलाइनर से आने वाली रहस्यमयी आवाज का पता (तस्वीर: नासा)

स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान से आने वाली रहस्यमयी आवाज के स्त्रोत का नासा ने लगाया पता

Sep 03, 2024
09:04 am

क्या है खबर?

नासा के अंतरिक्ष यात्रियों बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स को बीते दिन (2 सितंबर) बोइंग स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान से एक रहस्यमयी आवाज सुनाई दी थी। जॉनसन स्पेस सेंटर में मिशन कंट्रोल टीम ने जब स्टारलाइनर से आ रही इस रहस्यमयी आवाज को सुना तो उन्होंने इसे सोनार पिंग जैसी किसी आवाज के होने की आशंका जताई। हालांकि, अब नासा ने पता लगा लिया है कि यह अजीब आवाज असल में किस चीज से आ रही थी।

स्त्रोत

क्या था इस रहस्यमयी आवाज का स्त्रोत? 

नासा ने आज (3 सितंबर) एक बयान में कहा है कि आवाज बंद हो गई है। अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) और स्टारलाइनर के बीच एक ऑडियो कॉन्फिगरेशन इसके लिए जिम्मेदार है। यह आवाज ऑडियो कॉन्फिगरेशन के बाद मिलने वाला केवल स्पीकर फीडबैक था। अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया कि ISS का ऑडियो सिस्टम काफी जटिल है, जिससे कई अंतरिक्ष यान और मॉड्यूल आपस में जुड़ सकते हैं। इस शोर का ISS या स्टारलाइनर के संचालन पर कोई तकनीकी प्रभाव नहीं पड़ता।

तैयारी

स्टारलाइनर को पृथ्वी पर वापस भेजने की तैयारी 

नासा स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान को पृथ्वी पर भेजने की तैयारी कर चुकी है। योजना के अनुसार, 7 सितंबर को इस अंतरिक्ष यान को ISS से भारतीय समयानुसार सुबह करीब 03:34 बजे अनडॉक किया जाएगा और इसके 6 घंटे बाद यह पृथ्वी पर लैंड करेगा। बता दें, तकनीकी समस्या आने के वजह से अंतरिक्ष यान 2 महीने से अधिक समय से अंतरिक्ष में फंसा हुआ है। इसी कारण से इसे अंतरिक्ष यात्रियों के बिना ही पृथ्वी पर वापस भेजा जाएगा।