Page Loader
BGMI खेलने के लिए हुआ उपलब्ध, फीचर अपग्रेड के साथ ही तय कर दिया टाइम
BGMI गेम को भारत में आज से खेला जा सकता है (तस्वीर: फेसबुक@BattlegroundsMobileIN )

BGMI खेलने के लिए हुआ उपलब्ध, फीचर अपग्रेड के साथ ही तय कर दिया टाइम

लेखन रजनीश
May 29, 2023
03:25 pm

क्या है खबर?

बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) गेम भारत में डाउनलोड करने और खेलने के लिए उपलब्ध है। इसे बनाने वाली कंपनी क्राफ्टन ने गेम के लिए 2.5 अपडेट भी जारी किया है, जो गेमर्स को "रिफाइन और इमर्सिव एक्सपीरियंस" प्रदान करता है। BGMI के नए वर्जन को पिछले वर्जन से अपग्रेड किया गया है। BGMI ने हाल ही में एंड्रॉयड के लिए इसका प्रीलोड उपलब्ध कराया था और बताया था कि 29 मई से इसे एंड्रॉयड और iOS यूजर्स खेल पाएंगे।

गेमर्स

एक बार में इतनी देर तक ही खेल पाएंगे गेम

BGMI अब में गेमर्स के लिए खेलने का समय निर्धारित कर दिया गया है। गेम में 18 वर्ष से कम उम्र के नाबालिग खिलाड़ियों के लिए प्रतिदिन 3 घंटे और उससे ऊपर उम्र के वयस्कों के लिए 6 घंटे का कैप लगाया गया है। दोबारा खेलने के लिए फिर से लॉगिन करना होगा। नए गेम में अपडेट के साथ नया नक्शा दिया गया है, जिसे नुसा कहा जाता है और इसमें अपग्रेडेड हथियार और नए टू-सीटर वाहन दिए गए हैं।

सर्वर

गेम एक्सेस करने में हो रही है दिक्कत

BGMI का सर्वर आज से लाइव हो गया है और गेम को खेला भी जा सकता है, लेकिन अभी कई यूजर्स को गेम के एक्सेस में दिक्कत हो रही है। इस पर BGMI ने कहा कि वह गेम को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट कर रही है इसलिए हो सकता है कि कई यूजर्स गेम को तुरंत एक्सेस न कर पाएं। BGMI के मुताबिक, iOS के लिए डाउनलोड दोपहर से उपलब्ध हो सकते हैं।

बैन

इस वजह से किया गया था बैन

सुरक्षा कारणों और बच्चों पर इस गेम के दुष्प्रभाव और लत से जुड़ी चिंता के चलते BGMI पर जुलाई, 2022 में बैन लगाया गया था। BGMI को चीनी सर्वर के साथ इंटरैक्ट करते भी देखा गया था। गेम पर बच्चों में अपराधिक प्रवृत्ति को बढ़ाने, उनके व्यवहार को हिंसक बनाने के मामले भी आए थे। इन-गेम कंटेंट खरीदने के लिए बच्चों द्वारा माता-पिता के बैंकिंग कार्ड्स से पैसे चुराने के भी कई मामले सामने आए थे।

ट्रायल

मिली है 3 महीने की ट्रायल मंजूरी

इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक्नोलॉजी मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा था कि सर्वर लोकेशन और डाटा सुरक्षा का पालन करने के बाद BGMI को 3 महीने की ट्रायल मंजूरी मिली है। यूजर्स पर इसके नुकसान, लत आदि का आंकलन करके अंतिम फैसला लिया जाएगा। BGMI की वापसी सरकार द्वारा बैन किए गए लगभग 300 अन्य ऐप्स के लिए दरवाजा खोल सकती है। जैसे दिग्गज चीनी फैशन कंपनी शीन ने बाजार में दोबारा वापसी के लिए रिलायंस के साथ नई साझेदारी की है।