पश्चिम बंगाल के मालदा में विरोध-प्रदर्शन को लेकर AIMIM नेता गिरफ्तार, मास्टरमाइंड बताया गया
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की पुलिस ने शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता मोफक्करुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है। उन पर बुधवार को मालदा में हुए विरोध-प्रदर्शनों का नेतृत्व करने का आरोप है, जिसके कारण 7 विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अधिकारियों का 9 घंटे से अधिक समय तक घेराव हुआ था। उन्हें राज्य से भागने की कोशिश करते समय गुरुवार देर रात को बागडोगरा हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार
पुलिस ने घटना का मास्टरमाइंड बताया
पुलिस ने बताया कि इस्लाम पेशे से वकील हैं और 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इटाहार से उतरे थे। उनको AIMIM ने टिकट दिया था। पुलिस ने इस्लाम को मालदा में हुए विरोध-प्रदर्शन का मास्टरमाइंड बताया है। फिलहाल, उनसे पूछताछ की जा रही है। यह मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है, जिसने मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और जिला मजिस्ट्रेट को 6 अप्रैल को पेश होने और स्थिति संभालने में हुई चूक का जवाब देने को कहा है।
घटना
क्या है पूरा मामला?
बंगाल में SIR बड़ा मुद्दा बन गया है, जिसमें बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटे जाने से लोगों में विरोध पनप रहा है। बुधवार को मालदा में लोगों ने चुनाव कार्यालय का घेराव कर SIR प्रक्रिया में जुटे न्यायिक अधिकारियों से मिलने की मंशा जताई। अनुमति नहीं मिलने पर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे 3 महिलाओं समेत 7 न्यायिक अधिकारी भूखे-प्यासे फंसे रहे। पुलिस ने रात 12 बजे सभी को निकाला। इस दौरान वाहन पर पथराव भी हुआ।