LOADING...
बिहार विधानसभा चुनाव: बराबर सीटों पर लड़ सकते हैं भाजपा-JDU, चिराग पासवान को मिलेंगी कितनी सीटें?
बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और JDU बराबर सीटों पर चुनाव लड़ सकती है

बिहार विधानसभा चुनाव: बराबर सीटों पर लड़ सकते हैं भाजपा-JDU, चिराग पासवान को मिलेंगी कितनी सीटें?

लेखन आबिद खान
Aug 24, 2025
07:24 pm

क्या है खबर?

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। इससे पहले दोनों गठबंधनों में सीट बंटवारे को लेकर चर्चा आखिरी दौर में है। खबर है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीट बंटवारे के तहत भाजपा और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बीच सहमति बन गई है। दोनों ही पार्टियां लगभग बराबर सीटों पर चुनाव लड़ सकती हैं। दोनों के हिस्से में 100-105 सीटें आ सकती हैं। इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है।

रिपोर्ट

किसे मिलेंगी कितनी सीटें?

रिपोर्ट के मुताबिक, चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को उसकी मांग से आधी सीटें मिल सकती हैं। चिराग 40 सीटों पर दावेदारी कर रहे हैं। इसके अलावा बची हुई सीटें गंठबधन की अन्य सहयोगी जीतन राम मांझी की हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (सेक्युलर) (HAM) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को मिलने की उम्मीद है। अगर मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) NDA में आती है, तो समीकरण बदल सकते हैं।

NDA

पिछले चुनावों में कैसा रहा था NDA का प्रदर्शन?

बिहार के पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 110 और JDU ने 115 सीटों पर चुनाव लड़ा था। भाजपा को 74 और JDU को 43 सीटों पर जीत मिली थी। उस समय VIP भी NDA में शामिल थी। उसने 11 सीटों पर चुनाव लड़कर 4 सीटें जीती थीं। HAM ने 7 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 4 सीटें जीती थीं। इस तरह NDA के खाते में कुल 125 सीटें आई थीं।

Advertisement

बयान

चिराग ने किया था सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

इसी साल जून में चिराग ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि उनकी पार्टी बिहार की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा था, "मुझसे पूछा जाता है कि मैं कहां से चुनाव लड़ूंगा। मैं कहता हूं कि मैं बिहार के सभी 243 सीटों से चुनाव लड़ूंगा। मेरी पार्टी और मैं बिहार की 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, ताकि NDA को मजबूती मिले और हम एकजुट होकर विजय की ओर बढ़ें।"

Advertisement

रुख

चिराग की मांग पर भाजपा का क्या रुख है?

इंडियन एक्सप्रेस से एक वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, "वे 40 सीटों की मांग कर रहे हैं, जो उनके कहीं ज्यादा है। उनके 5 सांसद हैं, जिसका सम्मान किया जाएगा, लेकिन वास्तविक आंकड़ा 20 के आसपास है। हमें कुशवाहा और मांझी को भी समायोजित करना होगा और कुछ आश्चर्यजनक चेहरे भी शामिल हो सकते हैं।" बता दें कि लोकसभा चुनाव में चिराग की पार्टी ने 5 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सभी पांचों सीटें जीत ली थीं।

AAP

AAP और जन सुराज की भी एंट्री

बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी (AAP) और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी की भी एंट्री होने जा रही है। अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया था कि उनकी पार्टी बिना किसी गठबंधन के सभी सीटों पर अकेले ही मैदान में उतरेगी। वहीं, प्रशांत किशोर भी बीते कई महीनों से बिहार में पद यात्रा कर रहे हैं और उनकी पार्टी संभावित तीसरे विकल्प के तौर पर उभर रही है।

Advertisement