गोवा: कांग्रेस की वजह से और अधिक ताकतवर होते जा रहे हैं प्रधानमंत्री मोदी- ममता बनर्जी
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गोवा के अपने दौरे के आखिरी दिन यानी शनिवार को कांग्रेस पर बड़ा तंज कसा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वजह से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अधिक ताकतवर होते जा रहे हैं। इसी तरह कांग्रेस राजनीतिक को गंभीरता से नहीं ले रही है।
इस दौरान उन्होंने गोवा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के साथ गंठबंधन करने की सभी संभावनाओं को भी खारिज कर दिया।
आरोप
भाजपा की टेलीविजन रेटिंग्स पार्टी बन गई है कांग्रेस- बनर्जी
मुख्यमंत्री बनर्जी ने पणजी में कहा, "मोदीजी और ताकतवर होने जा रहे हैं और इसका कारण कांग्रेस है। कांग्रेस राजनीतिक को गंभीरता से नहीं ले रही है और भाजपा की टेलीविजन रेटिंग्स पार्टी बन गई है।"
उन्होंने कहा, "यदि वो (कांग्रेस) कोई फैसला नहीं लेते हैं तो देश को नुकसान पहुंचेगा, लेकिन देश को यह क्यों सहन करना चाहिए? कांग्रेस को पहले मौका मिला था, लेकिन वो मेरे राज्य में भाजपा की जगह मेरे खिलाफ लड़ रहे थे।"
बयान
"विपक्षी दलों को एकजुट करने में नाकाम रही कांग्रेस"
मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा, "कांग्रेस विपक्षी दलों को एकजुट करने की जरूरत समझने में नाकाम रही है। जबकि, भाजपा का सामना करने के लिए सक्षी क्षेत्रीय दलों को एकजुट होने की जरूरत है। इससे देश के संघीय ढांचे को मजबूत किया जा सकेगा।"
पुष्टी
बनर्जी ने की गोवा फारवर्ड पार्टी के साथ गठबंधन की पुष्टि
मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा, "वह गोवा की सभी 40 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी और इसके लिए कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं रकेगी। हालांकि, इस दौरान उन्होंने विजय सरदेसाई की पार्टी गोवा फारवर्ड पार्टी से गठबंधन की पुष्टि की।"
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने लेफ्ट और इंडियन सेकुलर फ्रंट के साथ काम करने का विकल्प चुना था। कांग्रेस अधीर रंजन चौधरी ने केवल महागठबंधन की बात कही थी।
मजबूती
"मैं क्षेत्रीय दलों को मजबूत देखना चाहती हूं"
मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा, ""मैं कांग्रेस की चर्चा नहीं कर रही हूं, क्योंकि वह मेरी पार्टी नहीं है। मेरे पास बिना किसी समर्थन के एक क्षेत्रीय पार्टी है और हम लोगों के समर्थन से सरकार बनाने के लिए भाग्यशाली हैं।"
उन्होंने कहा, "हम क्षेत्रीय दलों को सीटें देना चाहते हैं और मैं क्षेत्रीय दलों को मजबूत देखना चाहती हूं। हम राज्यों का संघ चाहते हैं। अगर हर राज्य मजबूत होगा तो केंद्र भी अपने आप मजबूत बन जाएगा।"
हमला
बनर्जी ने भाजपा पर बोला हमला
मुख्यमंत्री बनर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन अब ये लोग देश को खत्म करने में जुटे हैं। देश में महंगाई बढ़ रही है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस की कीमतें बढ़ रही हैं। GST से व्यापार प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन भाजपा इन मुद्दों को हल करने में गंभीर नहीं है।
उनसे पहले विजय सरदेसाई ने भाजपा के भ्रष्ट और सांप्रदायिक शासन को खत्म करने की बात कही थी।
पृष्ठभूमि
गोवा में भाजपा को बेदखल करने की तैयारी में जुटी बनर्जी
बता दें कि गोवा में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में ममता बनर्जी भाजपा को सत्ता से बेदखल करने की तैयारियों में जुट गई हैं।
इससे पहले शुक्रवार को गोवा में ममता बनर्जी की मौजूदगी में नफीसा अली और टेनिस दिग्गत लिएंडर पेस ने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी।
उस दौरान भी बनर्जी ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा था। इधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चुनाव तैयारियों को लेकर गोवा के दौरे पर हैं।