ममता बनर्जी की पार्टी TMC का ट्विटर अकाउंट हैक, हैकर्स ने प्रोफाइल पिक्चर और नाम बदला
क्या है खबर?
तृणमूल कांग्रेस (TMC) का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट मंगलवार को हैक कर लिया गया। हैकर्स ने ट्विटर अकाउंट की प्रोफाइल पिक्चर और हैंडल का नाम बदलकर 'युग लैब्स' कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, युग लैब्स अमेरिका स्थित एक ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो नॉन-फंजिबल टोकन (NFT) और डिजिटल संग्रह विकसित करती है। यह क्रिप्टोकरेंसी और डिजिटल मीडिया में भी माहिर कंपनी है।
हैकर्स ने अकाउंट से अभी कोई ट्वीट पोस्ट नहीं किया है।
बयान
TMC ने मुद्दे पर क्या कहा?
TMC के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने बताया कि पार्टी इस मुद्दे को सुलझाने की कोशिश कर रही और ट्विटर के संपर्क में है।
उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, 'अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से छेड़छाड़ की गई है। हम ट्विटर के अधिकारियों के संपर्क में हैं, जो इस मुद्दे को सुधारने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने हमें त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।'
हैक
इससे पहले हैक हुए हैं इन राजनीतिक पार्टियों के ट्विटर हैंडल
इससे पहले भी कई राजनीतिक पार्टियों के ट्विटर अकाउंट को हैक किया जा चुका है। पिछले साल 10 दिसंबर को वाईएसआर कांग्रेस का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट भी हैक कर लिया गया था।
इसके बाद अकाउंट से कई क्रिप्टोकरेंसी के पक्ष में ट्वीट किये गए थे और ट्विटर बायो बदलकर 'NFT करोड़पति' कर दिया गया था।
इससे पहले अक्टूबर में तेलुगू देशम पार्टी (TDP) का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट भी हैक कर लिया गया था।
बयान
उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय का अकाउंट भी हुआ था हैक
अप्रैल 2022 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को भी हैक कर लिया गया था। हैकर्स ने ट्विटर हैंडल की प्रोफाइल से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का फोटो हटाकर BAYC कलेक्शन की तस्वीर लगा दी थी।
पार्टी
वर्तमान में लोकसभा में चौथी सबसे बड़ी पार्टी है TMC
ममता बनर्जी ने 1 जनवरी, 1998 को TMC का गठन किया था। उनकी पार्टी ने पश्चिम बंगाल से लेफ्ट मोर्चे की सरकार को उखाड़ फेंका था।
साल 2009 के आम चुनाव से पहले यह 19 सीटों के साथ लोकसभा में छठी सबसे बड़ी पार्टी थी। 2019 के चुनाव के बाद TMC लोकसभा में चौथी सबसे बड़ी पार्टी है और उसके पास 22 सीटें हैं। ममता बनर्जी वर्तमान में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री हैं।