Page Loader
कांग्रेस ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर ECI को चिट्ठी लिखी, मतदाता सूची और वीडियो फुटेज मांगे
कांग्रेस ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर ECI को चिट्ठी लिखी है

कांग्रेस ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर ECI को चिट्ठी लिखी, मतदाता सूची और वीडियो फुटेज मांगे

लेखन आबिद खान
Jun 26, 2025
02:31 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग (ECI) को पत्र लिखा है। इसमें कांग्रेस ने आयोग से महाराष्ट्र और हरियाणा की मतदाता सूची की डिजिटल और मशीन-रीडेबल प्रति और मतदान के दिन की वीडियो रिकॉर्डिंग साझा करने की मांग की है। इससे पहले 12 जून को चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को पत्र लिख कथित धांधली पर चर्चा के लिए बुलाया था। कांग्रेस का ये पत्र उसी का जवाब है।

कांग्रेस

कांग्रेस ने पत्र में क्या लिखा?

कांग्रेस ने लिखा, "जैसा कि आप जानते हैं कि दिसंबर, 2024 से लेकर अब तक कई बार कांग्रेस और INDIA के नेताओं ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। 2024 के महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में अचानक से मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। मई, 2024 में महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव और नवंबर, 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के बीच जितने नए मतदाता बढ़े, उतने तो बीते 5 साल में नहीं बढ़े।"

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें कांग्रेस का पूरा पत्र

आयोग

चुनाव आयोग ने कहा था- सख्ती से होते हैं चुनाव

12 जून को चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को पत्र लिखा था। आयोग ने कहा था, "संसद द्वारा पारित चुनावी कानून, नियमों और समय-समय पर आयोग के निर्देशों के जरिए देश में सख्ती से चुनाव कराए जाते हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रक्रिया विधानसभा स्तर पर केंद्रीयकृत आयोजित की गई। इसमें आयोग द्वारा नियुक्त एक लाख से ज्यादा BLO, 288 इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन अधिकारी, 139 जनरल ऑब्जर्वर, 41 पुलिस ऑब्जर्वर, 71 खर्च ऑब्जर्वर, 288 रिटर्निंग अधिकारी और 1.08 लाख एजेंट शामिल हैं।"

राहुल गांधी

राहुल गांधी ने उठाए थे सवाल

राहुल ने कहा था, 'महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के क्षेत्र में 5 महीने में 8 प्रतिशत मतदाता बढ़ गए। कुछ बूथों पर 20 से 50 प्रतिशत तक मतदाता बढ़े। BLO ने अज्ञात लोगों के वोट डालने की खबर दी। मीडिया ने बिना वेरिफिकेशन पते वाले हजारों मतदाताओं का पता लगाया। इस पर चुनाव आयोग चुप है। क्या ये मिलीभगत है। ये अलग-अलग गड़बडियां नहीं हैं। यह वोटों की चोरी है। इसे छिपाना ही कबूलनामा है।'

आपत्ति

हरियाणा-महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़ी का मुद्दा उठाता रहा है विपक्ष

कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव में गड़बड़ी का मुद्दा उठा चुकी है। खासतौर पर महाराष्ट्र में कांग्रेस ने बार-बार मतदाता सूची में गड़बड़ी, पारदर्शिता की कमी और प्रशासनिक लापरवाही के आरोप लगाए हैं। इसे लेकर राहुल ने चुनाव आयोग को पत्र लिख मिलने की मांग की थी। आयोग ने राहुल को मिलने भी बुलाया था, लेकिन उससे पहले कांग्रेस ने नए पत्र में वीडियो फुटेज और मतदाता सूची की मांग रख दी है।