Page Loader
बंगाल: भाजपा यूथ विंग के नेता की गोली मारकर हत्या, पार्टी ने TMC पर लगाए आरोप
बंगाल में फिर भाजपा नेता की हत्या

बंगाल: भाजपा यूथ विंग के नेता की गोली मारकर हत्या, पार्टी ने TMC पर लगाए आरोप

Oct 18, 2021
01:23 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में एक बार फिर से एक भाजपा नेता को निशाना बनाया गया है। पार्टी के यूथ विंग के नेता मिथुन घोष की उत्तर दिनाजपुर के इटहार में हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या के लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) को जिम्मेदार ठहराया है और समय आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही है। TMC ने इन आरोपों को खारिज किया है।

घटना

हमले के समय घर के बाहर खड़े थे घोष

घटना रविवार रात लगभग 11 बजे हुई। मिथुन घोष इटहार विधानसभा के राजग्राम गांव स्थित अपने घर के बाहर खड़े हुए थे, तभी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुछ अज्ञात हमलावर आए और बेहद करीब से उनके पेट में गोली मार दी। घोष को तत्काल पास के ही रायगंज मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे भाजपा यूथ विंग के जिला सचिव थे।

आरोप

घोष को कई बार मिल चुकी थी धमकी, प्रशासन ने कुछ नहीं किया- भाजपा

उत्तर दिनाजपुर के भाजपा जिलाध्यक्ष बासुदेब सरकार ने मामले पर बयान जारी करते हुए कहा, "घोष को पहले भी कई बार फोन पर धमकी दी गई थी। हमें मौखिक रूप से पुलिस से शिकायत की थी कि एक विशेष पार्टी के लोग मिथुन को धमका रहे हैं। कई तरह से उसे परेशान किया गया, लेकिन प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की।" सरकार ने कहा कि उन्हें रात लगभग 11:30 घोष की हत्या की जानकारी मिली।

आरोप

सरकार ने हत्या के पीछे बताया TMC का हाथ

सरकार ने घोष की हत्या में TMC का हाथ होने का दावा भी किया। उन्होंने कहा, "मिथुन अपने घर पर था। किसी ने उन्हें फोन किया और जब वे घर के बाहर आए तो उन्हें गोली मार दी। उनकी अस्पताल जे जाते वक्त मौत हो गई। हमें पक्का पता है कि इस हत्या के पीछे तृणमूल कांग्रेस के गुंडे हैं। हमें कानून पर भरोसा है। हम FIR दर्ज कराएंगे और पुलिस के कार्रवाई करने का इंतजार करेंगे।"

बयान

सुवेंदु अधिकारी ने भी TMC पर लगाया हत्या का आरोप

भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने भी TMC पर घोष की हत्या कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'उत्तर दिनाजपुर BJYM (भारतीय जनता युवा मोर्चा) के उपाध्यक्ष मिथुन घोष की इटहार में हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस पर पूरी तरह से TMC का कार्य होने की छाप है। लहर बदलने पर अपने मास्टर के आदेशों पर अमल करने वाले इन खून के प्यासे असामाजिक शिकारी कुत्तों पर कार्रवाई की जाएगी। हम मिथुन घोष को भूलेंगे नहीं।'

प्रतिक्रिया

TMC ने कहा- हम हत्या की राजनीति नहीं करते

TMC ने घोष की हत्या कराने के भाजपा के इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज किया है। इटहार से TMC के विधायक मुशर्रफ हुसैन ने कहा, "इटहार कांग्रेस का इस घटना से कुछ लेना-देना नहीं है। हमलावरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए गोली चलाई होगी। उनके बीच में कुछ विवाद हो सकता है। कुछ और भी हो सकता है। पुलिस को जांच करने दीजिए। TMC हत्या की राजनीति पर भरोसा नहीं करती है।"