Page Loader
दिल्ली: AAP विधायक की कार्यकर्ताओं ने कैमरे के सामने की धुनाई, थाने में लेनी पड़ी शरण
AAP विधायक गुलाब सिंह यादव को पार्टी कार्यकर्ताओं ने पीटा

दिल्ली: AAP विधायक की कार्यकर्ताओं ने कैमरे के सामने की धुनाई, थाने में लेनी पड़ी शरण

Nov 22, 2022
10:32 am

क्या है खबर?

दिल्ली के मटियाला से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक गुलाब सिंह यादव को सोमवार रात को पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और खुद को बचाने के लिए विधायक को पुलिस थाने में शरण लेनी पड़ी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मामले में भाजपा ने AAP पर निशाना साधा है और इसे AAP के नगर निगम चुनाव की टिकट बेचने का सबूत बताया है।

घटना

श्याम विहार में बैठक के दौरान हुई घटना

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना सोमवार रात लगभग 8 बजे श्याम विहार में एक बैठक के दौरान हुई। वायरल मीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक गुलाब सिंह यादव और AAP कार्यकर्ताओं में किसी बात को लेकर बहस होने लगती है और देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच जाती है। कार्यकर्ता कॉलर से पकड़ कर यादव को थप्पड़ मारने लगते हैं, जिसके बाद विधायक को ऑफिस से बाहर भागना पड़ता है।

जानकारी

कार्यकर्ताओं ने दूर तक किया विधायक का पीछा

कार्यकर्ता बाहर भागते वक्त भी यादव पर जमकर लात-घूंसे बरसाते हैं, लेकिन अंत में वह ऑफिस से बाहर निकलने में कामयाब रहते हैं। कार्यकर्ता इसके बाद भी उनका पीछा करते हैं, जिसके बाद विधायक पुलिस थाने में शरण लेकर खुद को बचाते हैं।

बयान

पुलिस ने कही टिकट बंटवारे को लेक हाथापाई की बात

दिल्ली पुलिस ने मामले पर अपने बयान में टिकट बंटवारे को लेकर हाथापाई की बात कही है। पुलिस ने कहा, "विधायक गुलाब सिंह के साथ मारपीट की जानकारी रात लगभघ 8 बजे मिली। टिकट बंटवारे को लेकर कुछ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने विधायक के साथ हाथापाई की। उनकी मेडिकल जांच कर ली गई है और उन्हें कोई बाहरी चोट नहीं है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"

निशाना

भाजपा बोली- AAP के सभी भ्रष्टाचारी विधायकों का ऐसे ही नंबर आएगा

घटना का वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने मामले को लपक लिया है और इसे AAP के टिकट बेचने के अपने आरोपों का सबूत बताया है। दिल्ली भाजपा ने ट्वीट करते हुए कहा, 'पिट गए AAP के विधायक जी! आम आदमी पार्टी विधायक गुलाब सिंह यादव को टिकट बेचने के आरोप में AAP कार्यकर्ताओं ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। केजरीवाल जी, ऐसे ही AAP के सभी भ्रष्टाचारी विधायकों का नंबर आएगा।'

ट्विटर पोस्ट

देखें घटना का वीडियो (चेतावनी- आपत्तिजनक भाषा)

आरोप

विधायक का दावा- भाजपा ने कराया हमला

विधायक गुलाब यादव ने भाजपा के आरोपों को खारिज किया है और उल्टा भाजपा पर ये हमला कराने का आरोप लगाया है। थाने से एक वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा, 'भाजपा बौखला गई है। भाजपा टिकट बेचने के बेबुनियादी आरोप लगवा रही है। अभी में छावला थाने में हूं। मैंने देखा भाजपा का निगम पार्षद और इस वार्ड से भाजपा का उम्मीदवार उन लोगो (हमलावरों) को बचाने थाने में मौजूद हैं। इससे बड़ा सबूत और क्या होगा।'

MCD चुनाव

दिल्ली में अगले महीने होनें हैं नगर निगम चुनाव

टिकट बंटवारे को लेकर AAP विधायक से मारपीट का यह वीडियो ऐसे समय पर आया है जब अगले महीने दिल्ली नगर निगम (MCD) के चुनाव होने वाले हैं। MCD की 250 सीटों पर 4 दिसंबर को मतदान होगा और 7 दिसंबर को नतीजे जारी किए जाएंगे। चुनाव में मुख्य मुकाबला AAP और भाजपा का है और इसी कारण दोनों एक-दूसरे पर हमलावर बने हुए हैं। पिछले दो दशक से अधिक समय से MCD पर भाजपा का राज है।