महिलाओं को पूरे शरीर में होता है पुरुषों से ज्यादा दर्द, अध्ययन में हुआ खुलासा
क्या है खबर?
दर्द हर किसी को हो सकता है और उसकी तीव्रता लोगों में अलग-अलग होती है। हालांकि, अब एक अध्ययन से सामने आया है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं को पूरे शरीर में ज्यादा दर्द होता है। इस अध्ययन के दौरान हर तरह के दर्द को ध्यान में रखा गया था। इसने यह चिंता बढ़ा दी है कि महिलाओं को उनके दर्द का निवारण करने के लिए दवाइयों की सही डोज भी दी जाती है या नहीं।
अध्ययन
लाखों लोगों ने लिया था इस अध्ययन में हिस्सा
स्वास्थ्य के क्षेत्र में खासा महत्व रखने वाले इस अध्ययन को 'नेचर मेडिसिन' नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया था। दुनिया भर के शोधकर्ताओं ने 'दर्द से जुड़ी महामारी विज्ञान' के क्षेत्र में अब तक के सबसे बड़े अध्ययन को पूरा किया है।
इसके लिए 1990 से 2025 के बीच 118 देशों के 60 लाख से ज्यादा लोगों से डेटा इकट्ठा किया गया, जिसमें 5 साल से लेकर 100 साल से ज्यादा उम्र के लोग शामिल थे।
नतीजे
11 अंगों में महिलाओं को होता है पुरुषों से ज्यादा दर्द
अध्ययन में पाया गया कि शरीर के 11 हिस्सों में महिलाओं द्वारा बताए गए दर्द का स्तर पुरुषों की तुलना में ज्यादा था। इनमें सिर, चेहरा, गर्दन या कंधा, पैर या टखना, हाथ या कलाई, कोहनी, छाती, पीठ, पेट, कूल्हा और घुटने शामिल थे।
यह बात खास तौर पर सिरदर्द, चेहरे और पेट के दर्द के मामले में सच साबित हुई। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इन अंगों के दर्द से महिलाओं को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है।
उम्र
उम्र का भी होता है दर्द से संबंध
दोनों लिंग में 55 साल की उम्र से पहले दर्द में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह 75 साल या उससे ज्यादा की उम्र में अपने चरम पर पहुंच गई थी।
सामने आया कि जैसे-जैसे लोगों की उम्र बढ़ती गई, वैसे-वैसे पीठ, कूल्हे और घुटने के दर्द में भी इजाफा होता गया। अध्ययन के लेखकों ने कहा, "इससे पता चलता है कि जीवन भर के दर्द का एक बड़ा हिस्सा कामकाजी उम्र के दौरान पैदा होता है।"
दर्द
क्या कहते हैं आंकड़े?
अध्ययन के आंकड़े बताते हैं कि 40 प्रतिशत प्रतिभागियों ने पीठ दर्द की शिकायत की। वहीं, चेहरे का दर्द सबसे कम, यानी 2 प्रतिशत मामलों में देखा गया।
सबसे कम 'मानव विकास सूचकांक' वाले इलाकों वाले लोग बुढ़ापे में सबसे ज्यादा दर्द से जूझते दिखाई दिए। उनमें बुढ़ापे में पीठ के निचले हिस्से में दर्द की दर दोगुनी थी।
तेज दर्द का स्तर लगभग 50 तक पहुंचा, जबकि पूरे शरीर में होने वाले दर्द का स्तर लगभग 70 तक रहा।
जानकारी
क्यों बढ़ता है दर्द?
अध्ययन के मुताबिक, दर्द की 18.3 प्रतिशत समस्या धूम्रपान, मोटापे और घर की कम आय की वजह से थी। महिलाओं में 55 की उम्र से पहले, यानी काम, देखभाल और बच्चे पैदा करने के सालों के दौरान दर्द सबसे तेजी से बढ़ता है।