Page Loader
दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ पिज्जेरिया की सूची में शामिल हुआ इन 2 भारतीय रेस्टोरेंट का नाम 

दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ पिज्जेरिया की सूची में शामिल हुआ इन 2 भारतीय रेस्टोरेंट का नाम 

लेखन सयाली
Jun 29, 2025
03:16 pm

क्या है खबर?

पिज्जा बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को पसंद आने वाला व्यंजन है। यह भले ही इटली में ईजाद हुआ हो, लेकिन इसकी लोकप्रियता पूरी दुनिया में फैली है। इसी बीच 25 जून को 2025 के लिए दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ पिज्जेरिया की सूची जारी की गई। यह रैंकिंग यूरोप स्थित संगठन 'द बेस्ट पिज्जा अवार्ड्स' द्वारा मिलान में जारी की गई। खुशी की बात यह है कि इस सूची में भारत के 2 पिज्जेरिया का नाम भी शामिल है।

सूची

शीर्ष 10 में शामिल रहे इटली के कई पिज्जेरिया

इस सूची को तैयार करने वाले पैनल में कथित तौर पर 60 देशों के 512 विशेषज्ञ शामिल थे। इसमें इटली के कैसर्टा में स्थित 'आई मासानीली डि फ्रांसेस्को मार्टुची' को पहला स्थान दिया गया है। इसके बाद कैयाजो में स्थित 'पेपे इन ग्रैनी' को दूसरा और रोम के गैब्रिएल बोन्सी द्वारा स्थापित 'पिज्जेरियम' को तीसरा स्थान मिला। शीर्ष 10 पिज्जेरिया में जापान के 2 और स्पेन के एक विजेता को छोड़कर इटली का ही दबदबा रहा।

गुरुग्राम

गुरुग्राम के इस पिज्जेरिया को मिला 71वां स्थान

इस सूची में गुरुग्राम स्थित 'दा सूसी' और दिल्ली स्थित 'लियो' को शीर्ष 100 पिज्जेरिया में शामिल किया गया। सुजाना डि कोसिमो 'दा सुसी' की मालकिन हैं, जिसे इस सूची में 71वें स्थान पर रखा गया है। शेफ सुजाना नेपल्स की रहने वाली हैं, जिन्होनें 2021 में इस पिज्जेरिया की स्थापना की थी। इस पिज्जेरिया में आपको पारंपरिक तकनीक का पालन करके बनाए गए पिज्जा मिल जाएंगे। वर्तमान में गुरुग्राम में इस पिज्जेरिया की 2 शाखाएं हैं।

दिल्ली

दिल्ली के पिज्जेरिया ने भी मारी बाजी

दिल्ली में स्थित 'लियो' पिज्जेरिया की स्थापना शेफ अमोल कुमार ने करवाई थी। इसे इस साल सर्वश्रेष्ठ पिज्जेरिया की सूची में 99वां स्थान दिया गया है। यह पिज्जेरिया 2016 में खुला था और तभी से यह स्थानीय लोगों का पसंदीदा बन गया। इसकी लोकप्रियता को देखते हुए इसकी अन्य शाखाएं भी खोली गईं। इस पिज्जेरिया में वुड फायर ओवन का इस्तेमाल करके पिज्जा तैयार किए जाते हैं और उनके बेस को भी हाथों से तैयार किया जाता है।

अवॉर्ड्स

बेस्ट पिज्जा अवॉर्ड्स के बारे में जानें

बेस्ट पिज्जा अवॉर्ड्स 'बेस्ट शेफ अवॉर्ड्स' नामक बड़े मंच का हिस्सा है। उनका उद्देश्य है कि वे नवाचार को बढ़ावा देते हुए पिज्जा बनाने की पवित्र कला को संरक्षित करना चाहते हैं। ये पिज्जा अवॉर्ड्स 2022 में शुरू किए गए थे और एंटोनियो रुटोलो इसके निदेशक हैं। उन्होंने बात-चीत के दौरान कहा, "यह वर्ष हमारे लिए एक नया अध्याय शुरू कर रहा है।" दुनिया के 60 सर्वश्रेष्ठ नाश्तों की सूची में इन भारतीय व्यंजनों का नाम शामिल है।